लखीमपुर खीरी। मुख्य सड़क पर खोदे गए चार फुट गहरे और 100 फुट लंबे नाले से घरों में कैद ग्रामीणों की समस्या का सीडीओ अभिषेक कुमार ने संज्ञान लिया। उन्होंने विभागीय अफसरों से नाराजगी जाहिर करते हुए जेसीबी की मदद से खोदे गए नाले को पटवाकर मुख्य मार्ग चालू कराया। मार्ग खुलने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
शहर से सटे सुआगाड़ा गांव में जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए जेसीबी से नाले की खोदाई की गई थी। ठेकेदार ने सोमवार को पाइप लाइन डालने का काम कराया, लेकिन अगले दिन काम बंद कर दिया। तीन दिन से मुख्य मार्ग बंद होने से ग्रामीणों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। गांव में ज्यादातर लोग ठेला, लोडर और टैक्सी चालक हैं, जो अपने वाहन नहीं निकाल पा रहे थे। कई परिवारों का काम प्रभावित हो गया और ग्रामीणों में आक्रोश पनपने लगा।
इस मुद्दे पर अमर उजाला में संवाद न्यूज एजेंसी की 20 अगस्त के अंक में ‘घरों के सामने नाले की खुदाई कर ठेकेदार नदारद’ शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई। सीडीओ अभिषेक कुमार ने खबर का संज्ञान लेते हुए जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता मनोज मौर्य से पूरे मामले की जानकारी ली। सीडीओ की सख्ती के बाद बृहस्पतिवार को जेसीबी की मदद से खोदे गए नाले को पटवा दिया गया।
अमर उजाला में छपी खबर।