गोला में लखीमपुर मार्ग के रेलवे क्रॉसिंग ओवर ब्रिज के नीचे रेलवे विभाग द्वारा रास्ता बंद करने क
गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर मार्ग स्थित नेशनल हाईवे-730 पर गोला रेलवे क्रॉसिंग के नीचे पुराना रास्ता सीमेंट की बाड़ लगाकर बंद कर दिया गया है। इससे किसानों की मुश्किल बढ़ गई है। बैलगाड़ी से गन्ना लेकर चीनी मिल जाने वाले छोटे काश्तकारों के सामने सबसे बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
गन्ना सीजन शुरू होने पर किसान हाईवे के रास्ते ट्रैक्टर-ट्रॉली और बैलगाड़ियों से गन्ना लेकर बजाज चीनी मिल जाते हैं। उनका आवागमन रेलवे क्रॉसिंग पार करके होता था। रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनने के बाद रेलवे ने पुल के नीचे रेलवे लाइन के दोनों ओर गहरे पिलर गाड़कर सीमेंट की बाड़ लगा दी है। इससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। कोई वैकल्पिक मार्ग भी नहीं दिया गया है।
बैलगाड़ी ओवरब्रिज के ऊपर से नहीं निकल पाएगी। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष अंजनी दीक्षित ने कहा कि गन्ना किसानों के लिए ब्रिज के नीचे वैकल्पिक मार्ग दिया जाना चाहिए। बैलगाड़ी से चीनी मिल गोला तक गन्ना पहुंचाना मुश्किल होगा। गोला मिल में करीब 35 प्रतिशत गन्ना किसान लखीमपुर रोड की तरफ से लेकर पहुंचते हैं। रास्ता बंद होने से काफी दिक्कत होगी।
रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी बनने से सुरक्षा की दृष्टि से नियमानुसार रेलवे विभाग द्वारा रास्ता बंद कर दिया गया है। वैकल्पिक मार्ग की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की है।
-महेश चंद्र गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, रेलवे महाप्रबंधक
वैकल्पिक रास्ते के संबंध में रेलवे विभाग और नेशनल हाईवे विभाग के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।
-युगांतर त्रिपाठी, एसडीएम गोला