किशनपुर अभयारण्य में सज धज- कर तैयार 23 नंबर रोड का प्रवेश द्वार। स्रोत : वन विभाग
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व के किशनपुर अभयारण्य में टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से मैलानी-भीरा स्टेट हाईवे से सटे 23 नंबर मार्ग को खोल दिया गया है। इस नए रास्ते का प्रदेश के वनमंत्री अरुण कुमार सक्सेना मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इसके बाद नए रास्ते के द्वार से सैलानी जंगल भ्रमण कर दुर्लभ वन्यजीवों के दीदार करेंगे।
दुधवा टाइगर रिजर्व के एफडी डॉ. एच राजामोहन ने बताया कि प्रवेश द्वार पर बनाई गई बुकिंग विंडो पर पर्ची कटाने के बाद सैलानियों को जंगल भ्रमण की इजाजत दी जाएगी। प्रवेश द्वार पर पांच जिप्सियां उपलब्ध होंगी। यहां सात वन कर्मी तैनात किए गए हैं। इसमें दो बुकिंग विंडो, दो प्रवेश द्वार, दो रेलवे गेट के अलावा एक वन कर्मी की ड्यूटी प्रवेश द्वार पर रहेगी। अब सैलानी दुधवा के साथ-साथ मैलानी-भीरा स्टेट हाईवे से जंगल सफारी का आनंद उठा सकेंगे।
नए साल के पहले रविवार को दुधवा और किशनपुर अभयारण्य में सैलानियों की उमड़ी भीड़ ने दुधवा टाइगर रिजर्व का खजाना भर दिया। दुधवा के उप निदेशक जगदीश आर ने बताया कि रविवार को जंगल भ्रमण के लिए आने वाले सैलानियों से दुधवा नेशनल पार्क को कुल एक लाख 74 हजार 469 और किशनपुर अभयारण्य में 53834 कुल दो लाख 28303 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो एक रिकाॅर्ड है। नए वर्ष से पहले रविवार के दिन इससे पहले इतना राजस्व नहीं मिला।