जिले के आठों विधायक लखनऊ में डटे, मंत्री पद के लिए बढ़ी धुकधुकी
लखीमपुर खीरी। योगी आदित्यनाथ अपने दूसरे कार्यकाल के लिए आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। जिले के आठों विधायक आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए लखनऊ पहुंच चुके हैं, लेकिन मंत्री पद के लिए सभी की धुकधुकी बढ़ी हुई है। लखनऊ पहुंचे विधायकों से बातचीत के दौरान पता चला कि जिसे मंत्रिपरिषद में शामिल किया जाएगा, उसे योगी आदित्यनाथ की तरफ से सुबह 10 बजे नाश्ते पर बुलाया जाएगा। हालांकि बृहस्पतिवार शाम तक इस बारे में किसी विधायक के पास कोई सूचना नहीं पहुंची थी।
योगी 2.0 सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए जिले के आठों विधायक लखनऊ में हैं। आज सीएम योगी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, उसके बाद विधायक भी अपने पद की शपथ लेंगे। उधर, बुधवार को लखनऊ में लोकभवन में हुई बैठक में योगी आदित्यनाथ को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इसमें जिले के आठों विधायकों की भी हिस्सेदारी रही, लेकिन मंत्री पद को लेकर सभी की धुकधुकी बढ़ी हुई हैं।
पार्टी से जुड़े वरिष्ट सूत्र बताते हैं कि मीडिया में भले ही निघासन से विधायक शशांक वर्मा, गोला से अरविंद गिरि और मोहम्मदी से लोकेंद्र प्रताप सिंह के नामों की चर्चा चल रही हो, लेकिन किसी के पास भी अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है कि किसे मंत्री पद की शपथ लेनी है। तीनों विधायक के पीछे मंत्री बनने की जो चर्चा है उसका सबसे बड़ा कारण यह है कि यह तीनों जीतने के बाद लखनऊ से लेकर दिल्ली तक का दौरा कर चुके हैं और पार्टी आलाकमान से भी मुलाकात कर चुके हैं। पार्टी के वरिष्ठ सूत्र बताते हैं कि खबर तो यह है कि खीरी से किसी भी विधायक का नाम लिस्ट में नहीं है।
उधर, यह बात तय है कि जिस विधायक को योगी आदित्यनाथ की तरफ से आज सुबह 10 बजे नाश्ते पर बुलाया जाएगा, उसका नाम ही मंत्री पद के लिए शामिल होगा। बताया जाता है कि योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में नाश्ते पर सुबह इसलिये बुलाया जा रहा है कि जिससे संबंधित व्यक्ति शाम को होने वाले शपथग्रहण समारोह शपथ की तैयारी कर ले। हालांकि आधिकारिक सूचना किसी के पास नहीं है।