लखीमपुर खीरी। प्रयागराज में 45 दिन का महाकुंभ मेला संपन्न होने के बाद सभी जिलों में गंगाजल का वितरण किया रहा है। राजापुर में स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार शाम तीन बजे गंगाजल वितरण कार्यक्रम होना प्रस्तावित है। मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल रहेंगे, जो गंगाजल वितरण के साथ ही कई योजनाओं के लाभार्थियों को चेक बांटेंगे।
आबकारी एवं मद्य निषेघ विभाग के राज्यमंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल अपराह्न एक बजे लखनऊ से चलकर सीतापुर होते हुए शाम तीन बजे सीधे राजापुर आईटीआई परिसर पहुंचेंगे। सबसे पहले वह गंगाजल का वितरण करेंगे। इस दौरान महाकुंभ से संबंधित एक लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी।
इसके बाद वे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास के लाभार्थियों को चेक वितरित करेंगे, ताकि युवा अपने-अपने क्षेत्र में अपना-अपना कारोबार शुरू कर अपने पैरों पर खड़े हो सकें। करीब 176 लाभार्थियों को चेक वितरण किया जाना है। साथ ही जनपद के 418 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।