लखीमपुर खीरी। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल की लिफ्ट करीब 20 दिनों से बंद है। जल्द चालू कराने के दावे के बावजूद सुविधा बहाल नहीं हुई। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर मरीजों समेत रोजाना आने वाले हजारों मरीज-तीमारदार परेशान हैं।
एमसीएच विंग के भूतल पर इमरजेंसी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी, दवा वितरण काउंटर और अधिकांश जांच सुविधाएं हैं। प्रथम, द्वितीय और तृतीय तल पर वार्ड और विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी हैं। भर्ती मरीजों के तीमारदारों को दवा, जांच रिपोर्ट और अन्य कार्यों के लिए दिन में कई बार ऊपर-नीचे जाना पड़ता है।
लिफ्ट बंद होने से मरीज-तीमारदार सीढ़ियों या रैंप का सहारा ले रहे हैं। बुजुर्ग और घुटनों की समस्या वाले मरीज तीसरी मंजिल तक पहुंचने में रुक-रुककर सांस लेने के लिए मजबूर हैं। अस्पताल में प्रतिदिन करीब दो हजार से अधिक मरीज और तीमारदार आते हैं। बरसात की उमस और नमी में परेशानी और बढ़ गई है।
तीमारदार रागिनी, नुसरत, गोविंद और कन्हैया ने बताया कि जांच और दवा के लिए कई चक्कर लगाने से दिक्कत होती है। लिफ्ट बंद होने से मरीजों की परेशानी भी बढ़ी है।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता ने बताया कि बारिश की वजह से लिफ्ट में दिक्कत आई है। एएमसी के लिए फाइल भेजी गई है। जल्द लिफ्ट चालू करा दी जाएगी।