पलिया-भीरा रेल लाइन के बीच कार्य करते कारसेवक। संवाद
पलियाकलां। पलिया-भीरा रेलवे लाइन पर अतरिया क्राॅसिंग के आगे लाइन के नीचे से शुरू हुए रिसाव को बंद करने में रविवार को कामयाबी मिली है। हालांकि, अभी दोनों तरफ के किनारों को मजबूत करने का कार्य तेजी से चल रहा है। ताकि दोबारा से रिसाव शुरू न हो सके। इसको लेकर कारसेवक व रेलकर्मी लगातार जुटे हुए हैं।
अतरिया रेलवे क्राॅसिंग के आगे रेललाइन के नीचे से शुरू हुए रिसाव को रोकने के लिए महंगापुर गुरुद्वारा के संत बाबा गुरनाम सिंह के निर्देश पर कारसेवकों ने कारसेवा का कार्य शुरू किया था। इसमें रेलकर्मी भी लगातार जुटे हुए थे। रेलवे अधिकारियों के दिशा-निदे्रशन के बाद लगातार कार्य जारी है और शनिवार को आखिरकार रेललाइन के नीचे से रिसाव को रोकने में कामयाबी हासिल हुई है।
हालांकि फिर से दोबारा रिसाव न हो, इसके लिए दोनों किनारों पर बोल्डरों, जाल और मिट्टी-मौरंग डालकर बोरियों के जरिये मजबूती देने का कार्य किया जा रहा है। शनिवार को बारिश के बाद भी कारसेवकों के साथ ही रेलकर्मी भी पूरी तरह से डटे रहे और मिट्टी पाटकर लगभग रेललाइन को काफी बचा लिया है।
दोनों तरफ से ठोकरें बांधकर मजबूती देने का कार्य भी किया है। फिलहाल अब भी कारेसवा करने का कार्य जारी है और बताया जाता है कि जब तक पूरी तरीके से मजबूती नहीं होगी तब तक लगातार कार्य जारी रहेगा। उधर, गुरुद्वारा की तरफ से भी चाय, खाने का लंगर लगातार जारी रहा और पानी की लगातार सेवाएं भी कारसेवकों व रेलकर्मियों को देने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।