मझगईं। क्षेत्र के चौखड़ा फार्म में गन्ने की रखवाली कर रहे मझगईं निवासी रामबहादुर की हाथियों के हमले में मौत होने के बाद वन विभाग ने हाथियों की रोकथाम के लिए प्रयास करने शुरू कर दिए हैं। इसमें भगवंतनगर क्षेत्र में सोलर फेंसिंग और सफाई कार्य तेज कर दिया गया है, ताकि हाथियों को जंगल की सीमा से बाहर आने से रोका जा सके।
विभाग का कहना है कि जल्द ही फेंसिंग को पूरी तरह दुरुस्त कर, उसमें करंट प्रवाहित किया जाएगा। साथ ही जगह-जगह जेसीबी से गहरी खाईयां भी खोदवाई जा रही हैं, ताकि हाथियों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लग सके। रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि तार फेंसिंग के काम में करीब 12 कर्मचारी और वाचर लगातार लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा इंतजाम पूरी तरह तैयार होते ही सोलर फेंसिंग को सक्रिय कर दिया जाएगा। बताया कि घटना के बाद से वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है, ताकि ग्रामीणों में भय की स्थिति न बने और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। रेंजर ने बताया कि यह कार्य सबसे पहले जहां तार फेंसिंग तोड़ कर रामबहादुर को हाथियों द्वारा मारने की घटना हुई थी, उसके पास शुरू किया गया है।