बड़े मंगल पर जगह जगह लगीं शर्बत की सबीलें, कई जगह हुए भंडारे
मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया, दर्शन पूजन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जेठ माह के पहले बड़े मंगल पर श्रद्धालुओं ने शहर में जगह-जगह शर्बत की सबीलें लगाईं। कहीं लड्डुओं का प्रसाद बंटा तो कहीं हलुए का, कई जगह हुए भंडारों में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वीर हनुमान के मंदिरों को फूलों की लड़ियों और बिजली की रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया। सुबह से ही पूरा वातावरण बजरंग बली की भक्ति में डूबा नजर आया। बजरंगबली के जयकारों से शहर गूंज उठा।
भुइफोरवानाथ स्थित हनुमान मंदिर को एक दिन पहले ही बिजली की रंग बिरंगी झालरों और फूलों की लड़ियों से आकर्षक ढंग से सजा दिया गया था। सुबह से ही यहां श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा। यहां कई श्रद्धालुओं ने भंडारे आयोजित किए। आनंद टाकीज रोड स्थित हनुमान मंदिर, महाकालेश्वर शिव मंदिर के निकट भी श्रद्धालुओं ने शर्बत की सबीलें लगाकर लोगों को शीतल शर्बत पिलाया।
मेन रोड, संकटादेवी रोड, बस स्टेशन रोड, पुरानी गल्ला मंडी, स्टशेन रोड और खीरी रोड पर भी कई जगह शर्बत की सबीलें लगाई गई। जहां हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ चलता रहा। लोगों ने हनुमान मंदिरों में जाकर बजरंगबली के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाया। बहुत से लोगों ने घरों में भी हनुमान चालीसा और सुंदर कांड का पाठ किया।
गोला गोकर्णनाथ। बड़े मंगल पर नगर के हनुमान मंदिरों पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही और जगह जगह प्याऊ लगाए गए। मिल डायवर्जन रोड, संकट मोचन हनुमान मंदिर, मिल रोड, सब्जी मंडी, लखीमपुर रोड और मोहम्मदी रोड के कंजा बरमबाबा देवस्थान स्थित हनुमान मंदिर में भक्तों ने बजरंगबली को भोग लगाकर प्रसाद बांटा। नगर में लखीमपुर रोड, अलीगंज रोड, खुटार रोड, मोहम्मदी रोड पर जगह जगह श्रद्धालुओं ने प्याऊ लगाए और लोगों को रोककर शर्बत पिलाया।
पलियाकलां। जेठ माह के पहले मंगल पर शहर के पुराने बस अड्डे, एचडीएफसी बैंक, हायडिल, नगर पालिका रोड, संपूर्णानगर रोड, चीनी मिल रोड, कमल चौराहा, दुधवा रोड, बाजार में श्रद्धालुओं ने राहगीरों में शर्बत और प्रसाद बांटा।
मितौली। बड़े मंगल को हनुमान जी के मंदिरों और क्षेत्र के विभिन्न चौराहों पर भंडारे आयोजित हुए। शर्बत पिलाने को जगह-जगह सबील लगाए गए। करनपुर बालाजी मंदिर पर अजय कुमार शुक्ल ने भंडारे का आयोजन किया। खुर्दा में उमेश कुमार वर्मा ने जिंदबाबा स्थान पर पुत्तीलाल और बाला जी के भक्तों ने शर्बत पिलाया।
मैलानी। जेठ के पहले मंगल पर पलिया बस स्टैंड के पास स्थित शिव मंदिर पर आमजन के सहयोग से शर्बत बांटा गया। मंदिर पर पूजा पाठ के बाद शर्बत वितरण हुआ। कार्यक्रम में अमित राजपूत, राहुल गुप्ता, नितिन अग्रवाल, अवधेश बरनवाल बाबू, विपिन अग्रवाल मित्तू, यश अवस्थी, अतुल राजपूत आदि ने विशेष सहयोग किया।
बांकेगंज। श्री बालाजी मंदिर में जेठ माह का पहला बड़ा मंगल श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना के बाद आरती की। श्री बाला जी मंदिर को रंग-बिरंगी बिजली झालरों और फूलों से सजाया गया। मंदिर प्रांगण में सारे दिन पूजा पाठ का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने शाम को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया।
बेलरायां। फ्रेंडस क्लब के तत्वावधान में बड़े मंगल को रेलवे स्टेशन के पास ब्रह्मबाबा स्थान पर राहगीरों को बूंदी का प्रसाद बांटा गया। कार्यक्रम के आयोजक विक्रम यादव ने बताया कि बेलरायां में सुख-समृद्धि के लिए ब्रह्मबाबा स्थान पर राहगीरों को प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। इस मौके पर आयोजक गगन अग्रवाल, प्यारेलाल, रजनीश श्रीवास्तव, रवींद्र यादव, सजन वर्मा मौजूद रहे।
बड़े मंगल पर निकली भव्य कीर्तनमयी पदयात्रा
ईसानगर। बड़े मंगल के मौके पर श्री हनुमान पदयात्रा पर बजरंगियों का हुजूम उमड़ पड़ा। यात्रा के दौरान सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ जारी रहा। यह कीर्तनमयी पदयात्रा ईसानगर के सिद्धेश्वरनाथ मंदिर से निकाली गई। पदयात्रा ईसानगर से सात किलोमीटर दूर सेमरिया स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर पर समाप्त हुई। पदयात्रा में हजारों की संख्या में महिलाएं पुरुष और बच्चे शामिल हुए। पदयात्रा में आकर्षक झांकियां शामिल भी रहीं।
हाथों में ध्वज और निशान लेकर इस पदयात्रा में शामिल लोग बजरंगबली के जयकारे लगाते हुए सेमरिया के हनुमान मंदिर की ओर चले। भजन कीर्तन और बजरंग बली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो उठा। शोभायात्रा में शामिल लोग भजनों की ध्वनि पर नाच रहे थे। पदयात्रा में बजरंगबली, श्रीराम दरबार और श्री राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां भी शामिल थीं। राधा-कृष्ण का रूप धरे एक जोड़ा शोभायात्रा में आगे-आगे मनमोहक रूप से वंशी बजाते और नृत्य करते चल रहा था। यह जोड़ा आकर्षण का केंद्र रहा। महिलाएं पीले वस्त्रों में अलग ही छटा बिखेर रहीं थी।
पदयात्रा के दौरान रास्ते में श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरण की व्यवस्था की थी। ईसानगर, बाईपास, चहलार, सेमरिया मोड़ सहित कई जगह शरबत और पानी के स्टाल लगाए गए थे। पदयात्रा हनुमान मंदिर पहुंचने पर रामभक्त हनुमान के दर्शनों का तांता लग गया। उन्होंने पंक्तिबद्ध होकर बालाजी के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाया।
श्रद्धालुओं की वापसी के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली की व्यवस्था की गई थी। इस पदयात्रा की करीब एक माह पहले से तैयारी चल रही थी। इसके लिए पूरे ईसानगर को हनुमान जी के चित्रों और तोरणद्वारों से सजाया गया था। इस अवसर पर कार्यकर्ता विमल शुक्ला सोबरन तिवारी नवीन मिश्र, संतोष गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, भानु बाजपेयी, संतोष बाजपेयी संदीप मिश्र, सुयश शुक्ला, शिवम गुप्ता सहित कई थानों की पुलिस बल का सहयोग सराहनीय रहा।
पद यात्रा में शामिल हुए कई भाजपा नेता
पदयात्रा के दौरान भाजपा नेताओं ने भी जमकर पसीना बहाया। ईसानगर मंदिर पर सुबह से ही नेताओं का जमावड़ा लग गया था। इन नेताओं ने सेमरिया मंदिर पर विशेष कर जलपान की व्यवस्था की थी। भाजपा नेता विनोद धौरहरा, आनंद मोहन त्रिवेदी, राजीव अवस्थी, अनुपम अवस्थी, समर प्रताप, रमेश सिंह मूड़ी, अंकित अवस्थी, विधायक बाला प्रसाद अवस्थी सहित कई नेता श्रद्धालुओं के सेवा में तल्लीन दिखे।