कहीं चूल्हे तो कहीं घूरे से उठी चिंगारी ने बरपाया कहर, लैलूननगर में 15 मुर्गियां भी जलीं
जिले में अलग-अलग जगहों पर विभिन्न कारणों से लगी आग में करीब 36 घर और एक परचून की दुकान जलकर राख हो गई। इटकुटी में 10, सुजई कुंडा में आठ, दोनवापुर में सात, लैलूननगर में सात और ओयल में चार घर जले हैं। इन अग्निकांडों में नकदी समेत लाखों का घरेलू सामान और अनाज, साइकिलें, मोबाइल समेत लाखों का सामान जल कर राख हो गया। लैलूननगर में 15 मुर्गियां भी जिंदा जल गईं। तेज हवा होने के कारण आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
गुलरिया में ग्राम इटकुटी में शनिवार दोपहर करीब एक बजे आग लगने से दस घर जलकर राख हो गए और लाखों की संपत्ति जल गई। आग अजायबसिंह के घर में जल रही पूजा की ज्योति से लगी और देखते देखते कई घरों को चपेट में ले लिया। अजायबसिंह का घर कच्चा होने से दस हजार की नकदी समेत सब कुछ जलकर राख हो गया। आग ने जगदीश सिंह, जगत सिंह, जयपाल सिंह, मुन्ना सिंह, शिशुपाल सिंह, सुमेर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, राधेश्याम सिंह, ओमकार सिंह के घरों को भी चपेट में ले लिया। दोपहर में हवा तेज होने की वजह से आग बहुत तेजी से फैली। आग में कपड़े, बर्तन, अनाज सब कुछ जलकर राख हो गया।
धौरहरा में शनिवार की सुबह दस बजे सुजईकुंडा गाव के बुगधर के घर में खाना बनाते समय आग लग गई। जिसकी चपेट में आकर बुगधर, भागीरथ, अशर्फी, जगदीश, मुन्नू, रंगी, बुद्धा के घरों के साथ उनकी गृहस्थी का सारा सामान देखते ही देखते जलकर राख हो गया। रंगी की दस हजार नकदी भी जल गई। उधर दोपहर कस्बे के ही वनघुसरी निवासी इसरार के घर अज्ञात कारणों से घर में आग लगने से घर में रखा दहेज का सारा सामान, दस हजार की नकदी जलकर राख हो गयी। इसरार की पुत्री की दस मई को बारात आनी थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाई।
महेवागंज में घूरे से उड़ी चिंगारी ने दोनवापुरवा में सात घर जला दिए। अग्निकांड में एक परचून की दुकान भी राख हो गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव दोनवापुरवा में शनिवार सुबह घूरे से उठी चिंगारी राम मनोहर के घर में जा लगी। छप्पर से लपटें उठने लगी। परचून का खोखा भी धूं-धूं कर जलने लगा। बताते हैं कि आग लगने के वक्त अधिकतर लोग खेतों पर थे। आग की खबर पाकर पहुंचे ग्रामीण एकजुट होकर आग बुझाने में जुट गए। जब तक लोग आग पर काबू पाते, तेज हवा के कारण जगदीश, परशुराम, रामासरे, राधे, बालकराम और बलीराम के घरों को भी आग ने चपेट मे ले लिया। अग्निकांड में हजारों की नगदी, एक सिंचाई इंजन, अनाज और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई।
कुकरा में मैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम लैलूननगर में आग लगने से सात घर जल गए। गांव के धनतीरा के घर से अचानक आग लगने से जयंत मंडल, विश्वजीत मंडल, सुमन, कौशल मल्लाह, अखिल मंडल समेत सात लोगों के घर जल गए। इस अग्निकांड में लोगों के घरों में रखी नकदी, जेवर, अनाज, कपड़े, विस्तर, बर्तन, साइकिलें और मोबाइल आदि जलकर खाक हो गए। जयंत मंडल की 15 मुर्गिंयां भी जल गईं।
ओयल। मोहल्ला महावीरी में शनिवार सुबह आठ बजे अज्ञात कारणों से मोहल्ले के चार घरों में अचानक आग लग गई। धीरे धीरे आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके चलते मुजफ्फर, रहमान, अनीस अहमद, और अमीनुद्दीन के घर जलकर राख हो गए। ओयल चौकी इंचार्ज अरविंद राय ने फायर ब्रिगेड को फोन किया। किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। इन घरों में अनाज, कपड़े, बिस्तर आदि कुछ भी नहीं बचाया जा सका।
आग लगने से करीब 25 एकड़ गेहूं राख
जंगबहादुरगंज में क्षेत्र के गांव कटिघरा और मुड़िया एवन में शनिवार दोपहर अचानक लगी आग से करीब 25 एकड़ गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। फायर बिग्रेड की गाड़ी को भी गोला से जाने में करीब दो घंटे लग गए।
शाहजहांपुर मार्ग पर मछेछा और सिसौरा नासिर क्षेत्र में शनिवार दोपहर दो बजे के करीब आग लग गई जिससे करीब 25 एकड़ गेहूं जल गया जिसमें कटिघरा के जुवैर व जावेद के ढाई एकड़ के अलावा मुड़िया एवन की नाजिया बेगम, तेजराम, रामप्रसाद, नीलरतन, मुंशी, सर्वेश, श्रीकेशन, जीत सिंह, हरवंश सिंह, नन्हें, आशाराम और मुन्ना सहित तमाम किसानों की गेहूं की फसल जल गई। बताया जाता है कि सड़क किनारे ट्रक में भूसा भर रहे मजदूरों ने बीड़ी पीकर डाल दी जिससे आग लग गई। फायर बिग्रेड वालों को सूचना मिलने पर उनकी टीम गोला से करीब दो घंटा लेट पहुंची तब तक तमाम फसल जल कर राख हो चुकी थी। सूचना मिलने पर लेखपाल प्रदीप कुमार दीक्षित ने मौके पर पहुंचकर सर्वे कर लिया है।
तीन बीघा गेहूं की फसल जली
बांकेगंज में निकटवर्ती गांव चौधीपुर में शनिवार दोपहर गेहूं फसल में अचानक आग लग गई। पक कर तैयार खड़ी फसल में आग लगने से किसान राजकुमार का तीन बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने विकराल रूप धारण कर रही आग पर काबू पाया।
आग लगने से नौ बीघा गेहूं जलकर राख
खीरी टाउन में क्षेत्र के मदारपुर गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में सात बीघा खेत में लगा गेहूं जल कर राख हो गया। लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया। सूचना पाकर गांव के लेखपाल अनिल कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और मुआयना कर बताया कि गांव के श्रीकृष्ण, रामसनेेही, हरिशचंद्र, रामपाल अमर सिंह, रामदेवी और रामसागर के खेतों में आग लगी है। इसमें लगभग बीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है ।
धौरहरा। पांडेपुरवा के राम मोहन के खेत में आग लगने से दो बीघा गेहूं जल गया किसी तरह आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
घूरे में लगी आग, हादसा टला
बरवर में पैकीपुर सहकारी समिति के पीछे घूरे में आग लग जाने से नगरवासी दहशत में आ गए। आसपास कोई इंडिया मार्का नल न होने पर नगर पंचायत के टैंकरों से पानी डालकर आग पर काबू पाया जा सका। तेज हवा चलने के कारण आग खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को भी अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे काफी नुकसान होने की आशंका हो गई थी। फिलहाल आग पर समय से काबू कर लेने से किसी प्रकार की क्षति होने से बच गई।