तिलकपुरवा गांव का मामला, पंखे का तार जोड़ने के दौरान हुआ हादसा
तिलकपुरवा गांव में सोमवार की रात पंखे का तार जोड़ते समय एक अधेड़ की करंट लगने से मौत हो गई। उसकी मौत से घरवालों में कोहराम मच गया। मृतक बिजली मैकेनिक भी था।
यहां के निवासी खुशीराम का 40 वर्षीय पुत्र राजेश मौर्य सोमवार की रात करीब 11 बजे बिजली आने पर पंखे का तार जोड़ रहा था कि इसी दौरान वह करंट की चपेेट में आ गया और वहीं गिरकर तड़पने लगा। घरवाले जब तक पहुंचते इससे पूर्व ही उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से घरवालों में कोहराम मच गया। मंगलवार सुबह उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक की पत्नी शिवकुमारी तथा उसके तीन पुत्रों अनिल, गोपाल, सुनील का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी शिवकुमारी ने बताया कि उनके पति बिजली मैकेनिक थे। उसने बताया कि तीन दिन पहले उसके ससुर खुशीराम की बीमारी के चलते मौत हो गई थी, जिससे घरवाले उबर भी नहीं पाए थे कि उनके पति की मौत हो गई। घरवाले दो मौतों से बुरी तरह दुखी हैं।
सड़क पर टूटकर गिरे बिजली के तार
बाकेंगंज। कस्बे की मेन मार्केट की सड़क पर हाई वोल्टेज बिजली लाइन के तार टूटकर सड़क पर गिर गए। चलती बिजली लाइन के तार टूटकर गिरने से भगदड़ मच गई। लोगों ने इसकी सूचना उपकेंद्र पर दी। जहां ड्यूटी पर मौजूद एसएसओ ने लाइन बंद करने से इंकार कर दिया। इससे घबराए लोग आनन-फानन में उपकेंद्र पहुंचे। जहां लिखित शिकायत करने के बाद ही एसएसओ ने लाइन बंद की, तब लोगों ने राहत की सांस ली।
सोमवार रात लगभग नौ बजे मेन मार्केट की बांकेगंज-गोला रोड पर चलती बिजली लाइन के तार टूटकर गिरते ही भगदड़ मच गई। इससे घबराए लोगों ग्रंट नंबर 10 के प्रधान वीरेंद्र भार्गव, रामसंजीवन संख्वार एडवोकेट, बाबूराम, राकेश, विनोद गोयल, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष केके मिश्र, पंकज कुुमार, बजरंग लाल, हरिकिशन अग्रवाल, मनोज माहेश्वरी, डॉ रामस्वरूप, मुकेश, रघुनाथ भार्गव, मुकेश जायसवाल आदि ने सड़क पर टूट कर गिरे तारों के बारे में बिजली उपकेंद्र पर इस संबंध में जानकारी दी। ग्रामीणों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद एसएसओ ने लोगों से बिजली उपकेंद्र पर इसकी लिखित शिकायत के बाद ही लाइन बंद करने की बात कहकर फोन डिस्कनेक्ट कर दिया। एसएसओ के बिजली लाइन बंद करने से इनकार करने पर घबराए मोहल्लेवासी आनन-फानन में उपकेंद्र पहुंचे। जहां एसएसओ ने शिकायत दर्ज करवाने के बाद बिजली लाइन बंद की। इस बीच एक घंटे से अधिक समय तक चलती बिजली लाइन के तार बीच सड़क पर पड़े रहे। इसको लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। उधर इस संबध में जेई सर्वेश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। एसएसओ ने घोर लापरवाही की है। उन्होंने बताया कि संबधित एसएसओ की बांकेगंज बिजली उपकेंद्र से ड्यूटी आफ कर दी गई है।