गोष्ठियों में गौतम बुद्ध के आदर्शों पर हुई चर्चा
बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर जिले भर में कई कार्यक्रम हुए। महात्मा बुद्ध के जीवन दर्शन पर वक्ताओं ने रोशनी डाली। सौजन्या संस्था की ओर से कार्यक्रम कर महात्मा बुद्ध से संबंधित जीवन दर्शन पर आधारित प्रश्नरमंच आयोजित किया। इस मौके पर हुई गोष्ठी में वक्ताओं ने विचार रखे।
सौजन्या अध्यक्ष डॉ. उमा कटियार ने आत्म संयम, सत्य, अहिंसा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस मौके पर आयोजित प्रश्नमंच प्रतियोगिता में सुनीता निगम, ऊषा बुधवार, अंशिका सिंह, सांची और नीलिमा मिश्रा ने भागीदारी की। प्रश्नमंच प्रतियोगिता में रीमा जायसवाल, कंचन वर्मा, महनाज, स्मृति बाजपेयी, अंजली वर्मा, साजिया, शिवानी गुप्ता, दीक्षा वर्मा, आसमीन, फहरीन, सरस्वती मिश्रा और शिक्षा वर्मा विजेता रहीं।
गोला गोकर्णनाथ। छोटी काशी के पौराणिक मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन, अर्चन एवं जलाभिषेक किया। बुद्ध पूर्णिमा पर दूर दराज से आए श्रद्धालुओं ने गोकर्णतीर्थ में स्नान और पूजन किया। गोकर्ण तीर्थ के तट पर भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी।
रजागंज। क्षेत्र के गांव उद्यानपुर, मुड़िया, करनपुर, मुर्तिहा, धनिगवां, बेलबूढ़ी, फूलबेहड़, चिंतापुरवा, धौरहरा खुर्द, खम्हौल आदि गांवों में बौद्ध के अनुयाइयों ने भगवान महात्मा बुद्ध की जयंती पर पूजा अर्चना कर मिष्ठान बांटा। भगवान बुद्ध के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। शिवपाल गौतम ने विचार रखे। चिंतापुरवा के बौद्ध मंदिर में कन्याभोज और भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मोहम्मदी। स्थानीय डॉ. अंबेडकर पार्क में भगवान बुद्ध के चित्र के सामने पुष्पार्चन कर उनके आदर्शों पर पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वैशाख पूर्णिमा के दिन सिद्धार्थ का जन्म हुआ था पूर्णिमा को ही उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। इसलिए वह बुद्ध कहलाए। संयोग यह रहा कि पूर्णिमा को ही उनका महापरिनिर्वाण हुआ था। इसलिए बुद्ध पूर्णिमा का विशेष महत्व है। संचालन कन्हैयालाल शास्त्री ने किया। इस मौके पर पूर्व नपाप अध्यक्ष संदीप मेहरोत्रा, राधेश्याम यादव, केएल गौतम, जेपी भारती, संघपाल जौहर, उदयवीर आजाद, दयाशंकर, डीपी सिंह, मुकेश कुमार समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
पलियाकलां। गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज में प्रबंधक बीना कुशवाहा और प्रधानाचार्य बृजभान प्रताप ने बुद्ध पूर्णिमा पर भगवान बुद्ध के जीवन पर प्रकाश डाला। स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों ने खीर का वितरण किया।