सिकंदराबाद। बेहजम क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों से बृहस्पतिवार को हुई पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ बदमाश सेठ शातिर अपराधी निकला। पुलिस अधिकारियों ने उसकी गिरफ्तारी पर टीम की सराहना की है।
पुलिस के अनुसार, फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव कुइया गांधी में 17 मई की रात शिक्षक भानु प्रकाश पाठक के घर लाखों रुपये की लूट हुई थी। घटना में परिजनों के साथ मारपीट भी की गई थी। ग्रामीणों ने कुछ बदमाशों को पकड़ लिया था, लेकिन सीतापुर जिले के थाना इमिलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के गांव बीबीपुर निवासी सेठ को पकड़ने में सफलता हाथ नहीं लगी थी। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बृहस्पतिवार रात पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सेठ के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी की नकदी और सामान बरामद किया है।थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। संवाद