शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और अपराधों पर प्रभावी निगरानी के लिए नगर पालिका परिषद सेफ सिटी योजना के तहत शहर में अत्याधुनिक बुलेट सीसी कैमरों का जाल बिछाने जा रही है। योजना के अंतर्गत करीब 84 लाख रुपये की लागत से शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और प्रवेश मार्गों पर लगभग 50 सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही कार्य शुरू होने की बात नगर पालिका परिषद प्रशासन ने कही है।
नगर पालिका परिषद प्रशासन के अनुसार, इन बुलेट कैमरों की मदद से शहर में होने वाली संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा सकेगी। इसके अलावा ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई आसान होगी। हाई स्पीड से वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कैमरों के माध्यम से चालान किए जाएंगे।
योजना के तहत सीसी कैमरे लगने के बाद इनकी मॉनीटरिंग के लिए मुख्य कंट्रोल रूम नगर पालिका परिसर में स्थापित किया जाएगा, जबकि दूसरा कंट्रोल रूम सदर कोतवाली में बनाया जाएगा। दोनों स्थानों से कैमरों की लाइव निगरानी की जाएगी, जिससे किसी भी घटना की जानकारी तत्काल संबंधित विभागों तक पहुंच सके।
शहरवासियों का मानना है कि कैमरे लगने से न केवल अपराधों पर अंकुश लगेगा, बल्कि यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारू होगी। प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों में सुरक्षा का एहसास बढ़ेगा।
शहर में इन स्थानों पर लगेंगे कैमरे
-शहर के सभी प्रमुख चौराहों, जिसमें सौजन्या चौक, गुरु गोविंद सिंह चौक, रोडवेज बस स्टैंड के पास, तहसील रोड, सदर चौराहा, संकटा देवी चौराहा, हमदर्द दवाखाना तिराहा, नौरंगाबाद चौराहा, मेला मैदान चौराहा समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर बुलेट कैमरे लगवाने की योजना है। इसके अलावा शहर के इंट्री प्वॉइंट एलआरपी चौराहा, गोला रोड पर लालपुर बैरियर के पास, खीरी रोड पर और निघासन रोड पर भी ये कैमरे लगवाए जाएंगे।
बुलेट कैमरे की विशेषताएं
-ये कैमरे लंबी दूरी की निगरानी, स्पष्ट तस्वीर लेने और बाहर के कठोर मौसम का सामना करने के लिए सबसे अच्छे माने जाते हैं। इनका आकार लंबा होने के कारण इनमें बड़े लेंस और जूम क्षमता आसानी से फिट हो जाती है, जिससे ये दूर की चीजों, जैसे गाड़ियों के नंबर प्लेट तक की स्पष्ट रूप से तस्वीर ले सकते हैं। इनमें इन्फ्रारेड लाइट्स और स्पॉटलाइट्स लगी होती हैं, जिससे ये रात में भी ब्लैक एंड व्हाइट या कलर वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं
शहर में लगाए जाने वाले कैमरों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। जल्दी ही इस योजना पर काम शुरू होगा। शहर के मुख्य चौराहों समेत नगर पालिका की सीमा में इंट्री प्वाइंट पर भी कैमरे लगेंगे।
- डॉ. इरा श्रीवास्तव, पालिका अध्यक्ष लखीमपुर
शहर में जो बुलेट कैमरे लगवाए जाने की योजना है, उससे भविष्य में इसका लाभ पुलिस को जरूर मिलेगा। ये कैमरे अधिक दूरी तक स्पष्ट रिकॉर्डिंग करने में सक्षम होते हैं। यातायात व्यवस्था समेत अन्य निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी।
-विवेक तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक