लखीमपुर खीरी। सीतापुर रोड स्थित युवराज दत्त महाविद्यालय में स्नातक और परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। पहले दिन कॉलेज में ज्यादा भीड़ नहीं दिखी। कॉलेज प्रशासन ने सोमवार से प्रवेशार्थियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई है।
इस सत्र में इंटरमीडिएट में 42741 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इनमें 41638 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 30943 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। परिणाम आने के बाद छात्र-छात्राएं स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए तैयारी में जुट गए हैं।
कम फीस और अधिक सीटों के चलते छात्र-छात्राएं युवराज दत्त महाविद्यालय को प्राथमिकता देते हैं। प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि पहले दिन न के बराबर प्रवेशार्थी पहुंचे। महाविद्यालय में बीए की 1320, बीकॉम की 360, बीएससी की 600, बीएड की 50, एमए फिलॉसफी की 60, एमए अंग्रेजी की 60, एमए राजनीतिक विज्ञान की 120, एमए हिंदी की 60, एमए अर्थशास्त्र की 60, एमए इतिहास की 60, एमकॉम की 60 और एमएससी बॉटनी की 20 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा।