स्वास्थ्य कर्मचारी संगठनों ने सीएमओ ऑफिस घेरा
वरिष्ठ सहायक के निलंबन के विरोध में किया प्रदर्शन
चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ ने भी दिया साथ
सीएमओ ऑफिस के वरिष्ठ सहायक बालक राम को निलंबित करने और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष के साथ अभद्रता करना एडिशनल सीएमओ डॉ.बीवी राम को महंगा पड़ गया। इस मामले को लेकर कर्मचारी संगठनों ने बुधवार को सीएमओ ऑफिस पर प्रदर्शन किया और इनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर अड़ गए। आखिरकार सीएमओ को डॉ.बीवी राम से एनआरएचएम का चार्ज लेने की कार्रवाई करनी पड़ी। सीएमओ ने उनके तबादले और जांच के लिए निदेशालय को पत्र लिखा है।
एडिशनल सीएमओ डॉ.बीवी राम की ओर से की गई लिखा पढ़ी पर वरिष्ठ सहायक बालक राम को निलंबित कर दिया गया था। वहीं चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता ने भी उन पर अभद्रता करने और एससी एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करा देने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया था। जिस पर दोनों संगठनों के दर्जनों पदाधिकारियों ने इनके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बुधवार को सीएमओ ऑफिस का घेराव करते हुए ऑफिस गेट पर तालाबंदी कर दी। दोपहर तक धरना प्रदर्शन जोर शोर से चलता रहा। हालांकि इस दौरान अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नही लिया तब संगठन के लोगों ने डॉ.बीवी राम के खिलाफ कार्रवाई होने तक प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दे डाली, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। इस पर सीएमओ डॉ.जावेद अहमद, एसडीएम सदर आलोक वर्मा तथा डॉक्टरों और संगठन के पदाधिकारियों के बीच चली दो घंटे की बातचीत के बाद डॉ.बीवी राम के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की फैसला लिया गया।
डॉ.बीवी राम से एनआरएचएम का चार्ज ले लिया गया है, उनका तबादला करने और उन पर लगाए गए आरोपों की जांच करने के लिए निदेशालय को लिखा गया है।
-डॉ.जावेद अहमद, सीएमओ
एसडीएम, सीएमओ के साथ वार्ता हुई थी, हमारी मांगें मान लिए जाने का आश्वासन दिया गया है लेकिन हमने अपनी मांगों को लेकर की जाने वाली कारवाई की कापी मांगी है। यदि कापी नहीं मिलती है तो गुरुवार को भी हमारा धरना जारी रहेगा।
-विनोद कुमार सैनी, जिलाध्यक्ष मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ संघ