गौरीफंटा मार्ग पर सड़क किनारे पलटी कार। संवाद
गौरीफंटा। तेज रफ्तार कार पलिया से गौरीफंटा मार्ग पर शुक्रवार की रात जंगल में घुसकर पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें चालक गंभीर रूप से घायल होना बताया गया है। सूचना मिलने पर पहुंचे एसएसबी जवानों ने पलिया सीएचसी भिजवाया। युवक को ठीक समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
39वीं वाहिनी एसएसबी गौरीफंटा के सहायक कमांडेंट विशनदास गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब आठ बजे जब जवान नियमित गश्त से वापस लौट रहे थे, तभी उनको गौरीफंटा बॉर्डर से पांच सौ मीटर की दूरी पर मोड़ पर सड़क किनारे जंगल में घुसी कार के इंडीकेटर जलते दिखे। इसके बाद जवानों ने देखा तो कार पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई थी और कार अंदर पलिया निवासी चालक रजत गंभीर रूप से घायल होकर फंसा पड़ा था। इसके बाद जवानों ने चालक को पहले कजरिया अस्पताल में भेजा और वहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे पलिया सीएचसी भेज दिया गया, जिससे उसकी जान बच सकी। बताया गया है कि तेज गति होने से कार पर नियंत्रण न होने से सड़क से नीचे उतर कार पेड़ से टकरा गई थी।