बिजुआ। भीरा थाना क्षेत्र के गांव बीबीपुर में कुछ लोगों ने एक गरीब महिला की झोंपड़ी तहस-नहस कर दी। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव बीवीपुर निवासी कुसमा देवी ने भीरा थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके घर के सामने चार फुट की गली है। इसमें उसने टटिया लगा रखी है। बुधवार शाम लगभग 6:00 बजे गांव के ही सत्यराम, गयादत्त, सर्वेश, मनोज, सुरेंद्र, अवधेश, राम रानी, नन्ही और आकाश आदि ने घर में घुसकर टटिया नोच डाली। छप्पर गिरा दिया। उससे और बच्चों से मारपीट की। घर का सारा सामान तहस-नहस करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। भीरा एसओ पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया गया है। संवाद