गौरीफंटा के देवराही क्षेत्र में पानी से इसी जगह से बह गया पिलर। स्रोत : एसएसबी
पलियाकलां। बारिश में उफान आने के बाद मोहना नदी के पास भारत-नेपाल सीमा पर लगा एक पिलर बह गया है। एसएसबी जवानों को इस बारे में गश्त के दौरान जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के साथ ही चंदन चौकी कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।
39वीं वाहिनी एसएसबी कमांडेंट रवींद्र कुमार राजेश्वरी ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में अधिक वर्षा होने के चलते मोहाना नदी उफना गई है। नदी का पानी तेज बहाव से कटान करता बह रहा है। जवानों ने गश्त के दौरान सूंड़ा क्षेत्र की देवराही में बुधवार को एक पिलर लापता होने की सूचना दी। जानकारी करने पर पता चला कि सीमा पिलरों की जांच में 739/2 पिलर अपनी जगह पर उपलब्ध नहीं है। आसपास पानी देखने के बाद अनुमान लगाया गया कि उक्त पिलर मोहाना नदी में आए तेज जलप्रवाह के कारण बह गया है। इसके बाद इसकी प्राथमिकी रिपोर्ट चंदन चौकी में दर्ज कराई गई और इसको लेकर उच्चाधिकारियों को भी रिपोर्ट भेज दी गई है।