मितौली। थाना क्षेत्र के गांव रतहरा में 18 वर्षीय शिवानी पुत्री रामसागर का शव शुक्रवार सुबह कमरे में छत के कुंडे से लटका मिला। मंगेतर से विवाद के बाद उसके द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की चर्चा है।
परिजनों के अनुसार, शिवानी की सगाई गनेशपुर निवासी युवक से तय हो चुकी थी और 27 अप्रैल को दोनों की शादी होनी थी। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को मंगेतर उसके घर आया था।
शाम को भोजन के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद युवक रात में अपने घर चला गया और शिवानी अपने कमरे में सोने चली गई। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे शिवानी के भाई सौरभ ने उसे आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा तोड़कर देखा तो शिवानी का शव दुपट्टे के सहारे कुंडे से लटका मिला। एसओ महेश पाठक ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद