मितौली। थाना क्षेत्र के निमचेनी गांव में बृहस्पतिवार को एक युवक का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस युवक को सीएचसी मितौली लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने सिर में गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
सीतापुर जिले के निमचेना गांव निवासी 40 वर्षीय गणेश त्रिपाठी बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे सरसों पेराई कराने बाइक से पास के गांव शहीदपुर गया था। लौटते समय कानाखेड़ा-निमचेनी मार्ग पर वह संदिग्ध हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक के भाई संजय ने बताया कि राहगीरों से बाइक दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर गणेश की बाइक पास में खड़ी मिली और मोबाइल भी वहीं पड़ा था। उसके सिर में गंभीर घाव के निशान थे, जिससे खून बह रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को सीएचसी मितौली लाई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौके पर पहुंचे सीओ यादवेंद्र ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस परिजनों के आरोपों समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है। एसएचओ महेश पाठक ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो दिन पहले जयपुर से आया था गणेश
बताया जाता है कि गणेश त्रिपाठी जयपुर में काम करता था और दो दिन पहले ही गांव आया था। बृहस्पतिवार को वह सरसों पेराई कराने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौट सका।
प्लाट खरीदने की थी तैयारी
परिजनों के अनुसार, गणेश मितौली में एक प्लाट की रजिस्ट्री कराने की तैयारी में था। इसी सिलसिले में वह जयपुर से गांव आया था और शुक्रवार को बैनामा कराने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।