गोला गोकर्णनाथ। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव कपरहा निवासी आलोक शुक्ला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लखनऊ में मिला है। सूचना पर परिजन शव लेने के लिए रवाना हो गए हैं।
शुक्रवार को फैजाबाद लखनऊ रोड के किनारे बांस मंडी के निकट पॉलिटेक्निक चौराहे के पास जमीन पर रखे पत्थर पर बैठने की मुद्रा में आलोक कुमार शुक्ला का शव मिला। उनके पास डॉलीगंज से लखीमपुर का ट्रेन टिकट व किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज का पर्चा मिला है। इसमें आलोक पुत्र राकेश निवासी लखीमपुर खीरी लिखा है। लखनऊ पुलिस ने शव को आरएमएल हॉस्पिटल में रखवा दिया। इधर सोशल मीडिया पर चित्र सहित वायरल होने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
बादल नगर में किराये के मकान में रह रही उनकी पत्नी रोली मिश्रा ने बताया कि उनके पति आलोक शुक्ला शराब पीने के आदी थे। इसलिए वह गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए थे। उनकी शराब पीने की आदत से परेशान होकर वह अपनी दो बेटियों के साथ उनसे अलग रहने लगी थीं। मंगलवार को वह लखनऊ मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए गए थे। सूचना मिलने के बाद रोली मिश्रा पति का शव लेने के लिए लखनऊ रवाना हो गईं।