गोला गोकर्णनाथ। शिव मंदिर कॉरिडोर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर से लोगों में दहशत है। प्रभावित परिवार ने हाईकोर्ट की शरण ली है। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई रोक दी है।
बृहस्पतिवार दोपहर कॉरिडोर में शिव मंदिर के निकट दो घरों के अधिग्रहीत हिस्से के ध्वस्तीकरण करने के लिए तहसील प्रशासन पहुंच गया था। इसमें प्रभावित परिवार जितेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता और कैंसर से पीड़ित आनंद गुप्ता ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए अपने घर को बचाने के लिए हाईकोर्ट में प्रत्यावेदन किया है।
इधर, तहसील प्रशासन ने न्यायिक प्रक्रिया के चलते कार्रवाई की रोक दी है। इससे परिवार ने फौरी तौर पर राहत महसूस की है। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि संबंधित परिवार हाई कोर्ट गया है। परिवार वालों के आग्रह पर चार दिन का समय दिया गया था। हाई कोर्ट से स्थिति स्पष्ट होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।