नेपाल यात्रा पर निकला था बांग्लादेशी युवक, वहीं तक का था वीजा
करीब पांच घंटे हुई पूछताछ
बाइक से नेपाल यात्रा पर निकला एक बांग्लादेशी नागरिक भारतीय सीमा गौरीफंटा पहुंच गया। सीमा पर उससे करीब पांच घंटे पूछताछ की गई और फिर वापस उसे नेपाल भेज दिया। उसके पास नेपाल में ही प्रवेश के कागजात थे। बताया गया है कि वह सबसे ऊंची सड़क लेह में बाइक चलाने के लिए बांग्लादेश में रिकार्ड बना चुका है।
ढाका बांग्लादेश निवासी अब्दुल मोमिन पुत्र मुर्तजा अली बांग्लादेश से 27 जुलाई को बाइक से भ्रमण के लिए निकला था जो कि 30 जुलाई को रानीगंज बार्डर से नेपाल में टूरिस्ट वीजा बना कर नेपाल पहुंचा। नेपाल भ्रमण करते हुए वह सात अगस्त को गौरीफंटा बार्डर पर शाम सात बजे अपनी बाइक से पहुंचा। बार्डर पर तैनात एसएसबी जवानों ने उसे चेकिंग के लिए रोक लिया। चेकिंग के दौरान पूछताछ में उसने अपना नाम पता बताया और जब पता चला कि वह बांग्लादेशी नागरिक है तो हड़कंप मच गया। एसएसबी चौकी इंचार्ज संजीव कुमार गुप्ता, एएसआई सुरेश जाट, सीपीओएआई बी और कोतवाल ने उससे करीब पांच घंटे तक पूछताछ की और उसके सारे कागजात देखे जो दुरुस्त मिले। केवल उसका वीजा भारत का नहीं निकला। जिसके चलते देर रात्रि उसे वापस नेपाल भेज दिया गया। चेकिंग के दौरान उसके पास से एक बंगलादेश का पासपोर्ट, एक लैपटॉप, एक मोबाइल, कपड़े, खाने पीने का सामान बरामद हुआ।