लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस ने बाजूडीह गांव में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी का माल बांटने और बेचने की तैयारी में थे। उनके कब्जे से 45,540 रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। मामले में एक आरोपी भाग गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
सीओ सदर महक शर्मा ने बताया कि 21 अक्तूबर की रात पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाजूडीह में हुई चोरी के आरोपी रामापुर के आगे लखीमपुर-बहराइच रोड स्थित एक अर्धनिर्मित फैक्टरी के खाली मैदान में चोरी का माल बांटने और बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने साथियों के साथ बाजूडीह में छत के रास्ते घर में घुसकर ताला तोड़ने और चोरी करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों में ओरीलाल भार्गव उर्फ होरीलाल निवासी महाराजनगर, थाना धौरहरा, परशुराम लोध निवासी टापरपुरवा, थाना ईसानगर और घनश्याम पासी निवासी समदहा, थाना खमरिया शामिल हैं। सर्वेश निवासी नयापुरवा, थाना धौरहरा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
बरामद सामान में 45,540 रुपये नकद, सोने की चार महिला अंगूठियां, दो जोड़ी कान के झाले, एक जोड़ी कान की बाली, करीब एक ग्राम का ओम लॉकेट और लगभग 56 ग्राम की एक जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं। इसके अलावा एक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी तमंचा और इसी बोर के दो जिंदा कारतूस मिले हैं।