बैठक करते हुए अल्पसंख्यक कल्याण आयोग के सदस्य परविंदर सिंह। स्रोत: सूचना विभाग
लखीमपुर खीरी। सिख समाज के प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार को श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कल्याण आयोग के सदस्य परविंदर सिंह के सामने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। बैठक में जाति प्रमाणपत्र जारी कराने, गुरुद्वारों तक पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ ही श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन अंगों के सम्मान से संबंधित प्रकरण पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधियों ने पात्र व्यक्तियों को जाति प्रमाणपत्र जारी कराने और गुरुद्वारों के आसपास की सुविधाएं बेहतर कराने की मांग रखी। उन्होंने श्री गुरुग्रंथ साहिब के पावन अंगों के सम्मान से जुड़ी घटना की ओर भी आयोग के सदस्य का ध्यान आकृष्ट कराया। इस पर परविंदर सिंह ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
परविंदर सिंह ने कहा कि योगी सरकार में सिख समाज के हितों, सम्मान और अधिकारों से जुड़े विषयों को गंभीरता से लिया जा रहा है। समाज की समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराना और पात्र व्यक्तियों को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।