पलिया दुधवा मार्ग पर धरने पर बैठे किसान और विभिन्न संगठनों के लोग। संवाद
पलियाकलां। सुहेली नदी की डीसिल्टिंग, नकहुआ नाले की सफाई और जल निकासी समेत अन्य मांगों को लेकर 29 दिन से चल रहा किसानों का धरना रविवार को महाआंदोलन में बदल गया।
राष्ट्रीय सिख संगठन के अध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह विर्क, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष मनजीत सिंह और भाकियू (चढूनी गुट) समेत कई किसान संगठनों ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। किसानों की बढ़ती भीड़ और तेवर को देखते हुए प्रशासन ने कई थानों की पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया।
राष्ट्रीय सिख संगठन के अध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह विर्क ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। किसानों के हक के लिए जरूरत पड़ी तो उच्चाधिकारियों से वार्ता के लिए लखनऊ भी जाएंगे।
किसानों की प्रमुख मांगों में सुहेली नदी की डीसिल्टिंग, नकहुआ पुल नाले की सफाई, जल निकासी और बाढ़ राहत कार्य शामिल हैं। सुहेली नदी व नकहुआ डिसिल्टिंग एवं जल निकासी/बाढ़ राहत मांग समिति ने मुख्य सचिव को पत्र भेजकर दुधवा टाइगर रिजर्व के वन्यजीवों को जंगल तक सीमित रखने और वन्यजीवों व दैवीय आपदा से फसलों तथा मवेशियों को होने वाले नुकसान पर उचित व संशोधित मुआवजा देने की मांग भी की है।
किसानों का कहना है कि एसडीएम पुष्पक तोमर ने धरना स्थल पर आने की बात कही थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी कोई सक्षम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उधर, दुधवा नेशनल पार्क की ओपनिंग के चलते क्षेत्र में पहले से प्रशासनिक हलचल थी। आंदोलन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सुबह से ही धरना स्थल पर पुलिस का पहरा रहा।