निघासन। ढखेरवा मार्ग पर शनिवार देर रात बाइक की टक्कर से साइकिल सवार श्यामसुंदर यादव (22) पुत्र रमेश निवासी रकेहटी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
श्यामसुंदर निघासन के पलिया रोड स्थित दुकान पर काम करते थे। शनिवार रात साइकिल से घर लौटते समय सामने से आई तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। बाइक चालक की पहचान मोहनलालपुरवा निवासी मुन्ना पुत्र सुंदर के रूप में हुई। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर में युवक गंभीर घायल ः धौरहरा। ईसानगर बाजार मार्ग पर शनिवार को बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर में बिरसिंहपुर निवासी संदीप कुमार (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। वह बाइक से मूसेपुर जा रहे थे। हादसे के बाद पहुंची ईसानगर पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी खमरिया भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। संवाद
पेड़ से टकराई पिकअप, चालक समेत दो घायलः उचौलिया। शाहजहांपुर की ओर से आ रही पिकअप रविवार तड़के गांव कोटरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ से टकरा गई। चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। मुरादाबाद से जंगबहादुरगंज बर्तन लेकर जा रही पिकअप में सवार दीपक पुत्र कमलेश गुप्ता निवासी जंगबहादुरगंज और बबलू निवासी तालशायर घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी पसगवां भेजा गया। संवाद