आकर्षण का केंद्र बना थारू हथकरघा उत्पाद का स्टाल। स्रोत: विभाग
पलियाकलां। विश्व वेटलैंड दिवस पर ललितपुर के देवगढ़ स्थित महावीर स्वामी पक्षी विहार में आयोजित प्रदेश स्तरीय बर्ड फेस्टिवल में थारू उत्पादों की धूम रही।
इस आयोजन में जहां एक ओर देश-विदेश के पक्षी विशेषज्ञ जुटे हैं तो वहीं दूसरी ओर दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग पलिया द्वारा लगाया गया थारू हथकरघा उत्पाद का स्टाल आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। दुधवा के जंगलों और तराई क्षेत्रों में रची-बसी थारू जनजाति की कला को वैश्विक मंच देने के उद्देश्य से चंदनचौकी के स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों को यहां प्रदर्शित किया गया है।
स्टाल पर स्वनिर्मित पारंपरिक वस्त्र, कला कृतियां और दैनिक उपयोग के हथकरघा उत्पाद रखे गए हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस के बीच थारू संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना है। कार्यक्रम में आए विशेषज्ञों का मानना है कि थारू उत्पादों की यह स्टाल पारंपरिक ज्ञान के उस हिस्से को दर्शाती है जिसका जिक्र इस वर्ष की वेटलैंड्स थीम में किया गया है।