हाईस्कूल-इंटर की टॉप टेन में नहीं बना सके स्थान
सीमित संसाधनों वाले प्राइवेट कॉलेजों ने मारी बाजी
ग्रामीण इलाकों में भी उभर कर सामने आए मेधावी
जिले के परीक्षा परिणामों ने एक बात साबित कर दी है कि भारी भरकम इमदाद पाने वाले सरकारी कॉलेजों जीआईसी, जीजीआईसी का प्रदर्शन काफी खराब रहा हैै। टॉप टेन की सूची में एक भी छात्र अपना स्थान नहीं बना सका। सूची में ज्यादातर लखीमपुर और गोला के मेधावियों ने कब्जा जमाया है तो ग्रामीण इलाकों मितौली, मैगलगंज, खमरिया के कुछ मेधावियों ने जरूर टाप टेन सूची में स्थान हासिल करने में कामयाबी हासिल की है।
यूपी बोर्ड के परीक्षा परिणामों से बात स्पष्ट हो गई है कि सरकारी कॉलेजों में पढ़ाई का स्तर काफी दयनीय हालत में पहुंच चुका है, जैसे प्राइमरी शिक्षा। राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं सूची में स्थान हासिल करने से वंचित रह गए हैं। कुछ ऐसा ही हाल सरकार से सहायता प्राप्त कॉलेजों का भी है। टाप टेन सूची पर गौर करें तो ज्यादातर सरस्वती विद्या मंदिर शृंखला के हैं, जिनके छात्र-छात्राओं ने सूची पर कब्जा जमाया है। इंटरमीडिएट परीक्षा की टाप टेन में शामिल सभी छात्र-छात्राएं सरस्वती विद्या मंदिर से ताल्लुक रखते हैैं। जबकि हाईस्कूल की टाप टेन सूची में राजा लोने सिंह, नवोदय इंटर कॉलेज के छात्रों ने स्थान पक्का किया है।
--
टॉप टेन में लखीमपुर आगे, गोला दूसरे स्थान पर
खमरिया, मैगलगंज, मितौली, नैनापुर के बच्चों ने भी बढ़ाया मान
लखीमपुर। इंटरमीडिएट और हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में टॉप टेन में स्थान हासिल करने में शहर के बच्चे आगे रहे तो गोला गोकर्णनाथ के बच्चों ने दूसरा स्थान हासिल कर लिया। इतना ही नहीं जहां कई कसबों के बच्चे टॉप टेन में स्थान हासिल करने से वंचित रह गए तो खमरिया, मैगलगंज, मितौली, नैनापुर आदि स्कूलों के बच्चों ने जिले में नाम रोशन किया। इंटरमीडिएट में सनातनधर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज के सात, विद्या कुंवरि स्मारक सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज गोला के पांच, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गोला के तीन, सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज लखीमपुर के एक और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज खमरिया के एक छात्र ने टॉप टेन में स्थान हासिल किया। वहीं हाईस्कूल में सनातनधर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज के दो, विद्या कुंवरि स्मारक सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज गोला के पांच, सरस्वती विद्या मंदिर लखीमपुर का एक, नवोदय इंटर कॉलेज गोला के तीन, राजा लोने सिंह इंटर कॉलेज मितौली, खुशवक्त राय बालिका इंटर कॉलेज, चेतना मेमोरियल हाईस्कूल नैनापुर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज खमरिया, लोने सिंह इंटर कॉलेज मैगलगंज के एक-एक छात्र ने टॉप टेन में स्थान हासिल किया।