- नाराज गांव वालों ने खाप पंचायत कर किया फैसला
- 21 सितंबर से बंद है हुक्का-पानी, पुलिस पर अब पहुंची मामले की शिकायत
काली पूजा और हरिनाम संकीर्तन के लिए कुछ लोगों ने चंदा नहीं दिया, जिससे नाराज होकर ग्रामीणों ने खाप पंचायत करके दस लोगों का हुक्का पानी बंद कर दिया। मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।
थाना मैलानी के गांव बंगाली कॉलोनी ग्रंट संख्या तीन निवासी राधा कृष्णदास गांव के ही गौरांग राय, आनंद तरफदार, मधुसूदन, रामप्रसाद, प्रणव, रतन मंडल, अजीत मंडल, विनय सरकार, अजय आदि के सहयोग से सत्संग कराते हैं, जिसका गांव का ही एक तबका विरोध कर रहा है। उधर, दूसरा तबका प्रतिवर्ष काली पूजा एवं हरिनाम सत्संग कराता है। इन लोगों ने राधाकृष्ण से दो हजार रुपये, 20 किग्रा अनाज आदि मांगा, जिसे देने से राधाकृष्ण ने मना कर दिया। आरोप है कि इस यह लोग भड़क गए।
बीती 21 सितंबर को काली पूजा एवं हरिनाम सत्संग कराने वाले समूह ने गांव वालों के साथ बैठक कर राधाकृष्ण और उनके साथियों का हुक्का पानी बंद करने की घोषणा की। घोषणा में यह भी कहा गया कि राधा कृष्णदास के सत्संग में कोई न जाए। न ही राधाकृष्ण और उसके परिवार से गांव का कोई व्यक्ति वास्ता रखे। साथ ही अन्य लोगों को भी हिदायत दी गई कि जो व्यक्ति काली पूजा और हरिनाम संकीर्तन में चंदा नहीं देगा उसे बंगाली समाज से बाहर कर दिया जाएगा। साथ ही जो व्यक्ति बहिष्कृत व्यक्ति से ताल्लुक रखेगा उससे 500 रुपया जुर्माना लिया जाएगा। यहां बता दें कि राधा कृष्णदास और उनके साथियों का 21 सितंबर से गांव में हुक्का पानी बंद चल रहा है। पीड़ितों ने इसकी शिकायत मैलानी थानाध्यक्ष से की है।
बंगाली कॉलोनी में आपसी वर्चस्व की लड़ाई है। एक बार मामला शांत कराया जा चुका है। कुछ लोग बेवजह मामले को तूल दे रहे हैं।
- संजय कुमार त्यागी, प्रभारी निरीक्षक मैलानी