सिकंदराबाद चौराहे पर अतिक्रमण हटाती जेसीबी। संवाद
- फोटो : Archive
सिकंदराबाद। जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर सिकंदराबाद के बड़े चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का काम तेज हो गया है। बुधवार को लोक निर्माण विभाग की जेसीबी से निर्माण में बाधा बन रहे अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। हालांकि, कार्रवाई से पहले ही अधिकतर दुकानदारों ने खुद ही कब्जे हटा लिए थे। स्थायी अतिक्रमण करने वालों को दीपावली के बाद हटाने के नोटिस दिए गए हैं। इनमें सिकंदराबाद पुलिस चौकी भी शामिल है।
लोक निर्माण विभाग की योजना के अनुसार, चौराहे से पहले सड़क के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर तक चौड़ीकरण किया जाएगा। चौराहे पर एक तरफ तीन से चार मीटर तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। इस तरह चौराहे की चौड़ाई छह से आठ मीटर तक बढ़ाने की तैयारी है। इससे वाहनों की आवाजाही आसान होगी और जाम व दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
इससे पहले 30 अक्तूबर को एसडीएम गोला और एसडीएम सदर की मौजूदगी में लोक निर्माण विभाग की टीम ने अभियान चलाकर दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। स्थायी निर्माण हटाने के लिए नोटिस भी जारी किए गए थे। दुकानदारों ने खुद अस्थायी निर्माण हटाने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता तरुणेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि दीपावली के बाद निर्धारित समय सीमा पूरी होने पर प्रशासन पक्का अतिक्रमण हटाएगा। चौड़ीकरण की जद में आने वाला कोई भी अतिक्रमण नहीं छोड़ा जाएगा।