मृतक तौलेराम के घर के बाहर लगी भीड़। संवाद
- फोटो : Samvad
महेवागंज। शारदानगर थाना क्षेत्र के उसियापुरवा (रामापुर रौली) गांव में बीमार पिता की देखभाल को लेकर भाइयों में विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद भाई भोला और उनके परिवार के लोगों ने तोलाराम पर लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तोलाराम की लखनऊ में इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई।
तोलाराम के बेटे दिनेश कुमार ने बताया कि उनके बाबा प्रह्लाद अलग घर में रहते हैं। उनकी देखभाल और इलाज उनके पिता कर रहे थे। सोमवार रात करीब आठ बजे तोलाराम ने अपने भाई भोला और उनके बेटे राजेश से भी बीमार पिता की देखभाल करने के लिए कहा। इस पर दोनों गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोप है कि भोला और उनके परिवार के लोग महिलाओं समेत लाठी-डंडे और फावड़ा लेकर तोलाराम पर टूट पड़े। उन्हें घर से खींचकर पीटा और अधमरा छोड़कर भाग गए।
परिजन घायल तोलाराम को जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया, जहां मंगलवार को उनकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया।
सीओ सिटी महक शर्मा ने बताया कि मामूली बात पर हुई मारपीट में एक व्यक्ति घायल हुआ था। भोला और उनके बेटे राजेश, उसकी पत्नी व उसका दामाद चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मौत के बाद धाराएं तरमीम कर दी गई हैं।
-
पराली जलाने को लेकर दो भाइयों में विवाद
निघासन। डीह मजरा बैलहा गांव में पराली जलाने को लेकर हरीनंद और उनके भाई रामनयन के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर शांति भंग के तहत कार्रवाई की और एसडीएम न्यायालय निघासन में पेश किया। संवाद
मृतक तौलेराम के घर के बाहर लगी भीड़। संवाद- फोटो : Samvad