शहर के छाउछ नहरिया स्थिति सिंचाई विभाग की कॉलोनी में बिजली सप्लाई के लिए लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर का वाल्व काटकर चोरों ने तेल चोरी कर लिया, जिससे यह ट्रांसफार्मर फुंक गया। वहीं आवास विकास में ओवरलोडिंग के कारण 400केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। ट्रांसफार्मरों के फुंकने से दोनों मोहल्लों की बिजली गुल हो गई, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ईदगाह के जेई आरएन मिश्रा के मुताबिक सिंचाई विभाग की कॉलोनी में इस ट्रांसफार्मर से करीब 200 घरों की बिजली जुड़ी हुई है। सोमवार रात में रोस्टरिंग के दौरान चोरों ने ट्रांसफार्मर के नीचे का वाल्व काट दिया और तेल चोरी कर फरार हो गए। बिजली सप्लाई बहाल होने पर ट्रांसफार्मर कुछ देर तक चलता रहा, लेकिन उसके बाद तेज आवाज के साथ फुंक गया। ट्रांसफार्मर फुंकने से मोहल्ले के लोगों को रात भर बिजली नहीं मिली। भीषण गर्मी के कारण लोगों को बिना बिजली काफी परेशानियां झेलनी पड़ीं। वहीं नई बस्ती के जेई मनोज पुष्कर ने बताया कि आवास विकास में दो दिन पहले 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। जिसके बाद नया ट्रांसफार्मर भी सोमवार रात में फुंक गया। लोगों को बिजली सप्लाई मुहैया कराने के लिए मोबाइल ट्रॉली लगा दी है। जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा।
तीन दिन से कई गांवों की बिजली गुल
धौरहरा। तीन दिन पहले क्षेत्र में आई आंधी के कारण बिजली लाइनें और खंभे टूट गए हैं। इससे कई गांवों की बिजली सप्लाई गुल हो गई है। ग्रामीणों ने इस समस्या से बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक अधिकारियों ने लाइनों को दुरुस्त कराने की जहमत नहीं उठाई है। इससे कफारा, गुरगुट्टा, टेकीकुंडा, अभयपुर, गुलरिया, ईसानगर, हसनपुर कटौली, गुदरिया, अमेठी, बेलवा, महराजनगर सहित तमाम गांवों में अंधेरा फैला हुआ है।