लखीमपुर खीरी। महंगे शौक पूरे करने की चाह, गलत संगत और रुपये का लालच किशोरों को अपराध की ओर धकेल रहा है। जिले में चोरी से लेकर लूट, दहेज हत्या, गैर इरादतन हत्या और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों तक में बाल अपचारियों की भूमिका सामने आई है।
बीते महीनों में पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में कई बाल अपचारियों के खिलाफ कार्रवाई की। कुछ मामलों में वे अकेले तो कुछ में बड़े उम्र के युवकों के साथ शामिल मिले। कम उम्र में अपराध की ओर बढ़ते ये कदम पुलिस के साथ परिवार और समाज के लिए भी चिंता का विषय हैं।
किशोरों से जुड़े मामलों में पुलिस के सामने अपराध की कड़ियां जोड़ने के साथ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने की चुनौती भी रहती है। कई मामलों में पूछताछ के बाद बाल अपचारियों की संलिप्तता सामने आती है। इसके बाद उन्हें नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है।
महंगे शौक और गलत संगत बन रही वजह
पुलिस की जांच में सामने आए कुछ मामलों में महंगे शौक और गलत संगत की भूमिका दिखाई दी है। कई बार किशोर बड़े उम्र के युवकों के संपर्क में आकर अपराध में शामिल हो जाते हैं। कुछ मामलों में कम समय में रुपये कमाने का लालच भी वजह बनता है। घर में बच्चों की गतिविधियों पर पर्याप्त निगरानी न होना भी चिंता का विषय है।
-
केस एक
पकड़े जाने के बाद उसे पछतावा भी हुआ
फरधान में चोरी की घटना में पकड़े गए दो बाल अपचारियों से पूछताछ के दौरान महंगे शौक पूरे करने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, एक बाल अपचारी ने बताया कि उसने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पकड़े जाने के बाद उसे पछतावा भी हुआ।
-
केस दो
रुपये के लालच और गलत संगत में फंसे किशोर
गौरीफंटा बॉर्डर पर ब्राउन शुगर के साथ बाल अपचारियों के पकड़े जाने के मामले भी सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, थोड़े रुपये के लालच और गलत संगत के कारण किशोर ऐसे मामलों में शामिल हो रहे हैं। कभी-कभी मोबाइल पर अपराध करने और उससे बच निकलने के तरीके बताने वाले वीडियो देखकर भी वे घटनाओं में शामिल हो जाते हैं।
इन तारीखों में सामने आए मामले
- 4 जनवरी 2026: नीमगांव पुलिस ने वांछित बाल अपचारी को लखनऊ से गिरफ्तार किया।
- 5 मई 2026: गौरीफंटा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 4.20 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।
- 13 मई 2026: फूलबेहड़ पुलिस ने चोरी की घटनाओं में एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।
- 22 मई 2026: संपूर्णानगर पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल के साथ एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।
- 11 जुलाई 2026: पढुआ पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में चार अभियुक्तों के साथ एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।
- 23 जुलाई 2026: गौरीफंटा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 8.58 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो नेपाली बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया।
- 9 अगस्त 2026: फरधान पुलिस ने हत्या के एक मामले में शामिल दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया।
- 14 अगस्त 2026: फरधान पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया।
- 24 अगस्त 2026: उचौलिया पुलिस ने लूट की घटना में शामिल एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।
- 12 सितंबर 2026: मोहम्मदी पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।
- 13 सितंबर 2026: भीरा पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।
- 22 सितंबर 2026: कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।
अभिभावक बच्चों की गतिविधियों पर रखें नजर
जिला अस्पताल के मनोचिकित्सक अखिलेश शुक्ला के मुताबिक, ऐसे मामलों में परिजनों की जिम्मेदारी सबसे अधिक है। बच्चा अचानक महंगे शौक करने लगे तो अभिभावकों को उसकी गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए। समय-समय पर काउंसलिंग भी करानी चाहिए। अभिभावकों की सख्ती इसमें मददगार साबित हो सकती है।