सिकंदराबाद। नीमगांव पुलिस पर किशोरी को अगवा करने के आरोपी को थाने से छोड़ने का आरोप लगा है। पीड़िता ने इसकी शिकायत एसपी से की है। हालांकि पुलिस मामले से इन्कार कर रही है। अगवा किशोरी को बरामद कर लिया गया है।
नीमगांव के एक गांव निवासी किशोरी को छह दिन पहले दूसरे समुदाय के युवक बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गए थे। किशोरी के परिजनों ने पांच नामजद और तीन से चार अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कराया था। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी के हाथ न आने की बात कही। मामले में किशोरी की मां ने थाना पुलिस पर मुख्य आरोपी को थाने से छोड़ने का आरोप लगाया है। शिकायत में महिला ने कहा कि पुत्री की बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे थाने बुलाया था। उस समय आरोपी और पुत्री को थाने में दिखाया। दोनों थाने में मौजूद थे। लेकिन उसके बाद से आरोपी थाने में नहीं है।
महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसे छोड़ दिया और आरोपी उसे धमकी दे रहा है। कह रहा है कि पुत्री के वापस आने पर दोबारा अगवा कर ले जाएगा। पुलिस दो समुदायों के बीच के इस मामले को तीन दिन से दबाने में जुटी है। थानाध्यक्ष नीमगांव कौशल किशोर ने बताया कि अगवा किशोरी को बरामद किया गया है। किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई और न ही कोई आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हुआ है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई आरोपी के भागने की खबर
नीमगांव थाना पुलिस की कस्टडी से आरोपी के भागने की खबर खूब वायरल हुई। इसके बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिसकर्मी इस मामले में कुछ बोलने से बचते नजर आए। वायरल खबर को लेकर पूरे दिन तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।