कोर्ट के आदेश के बाद राजघराने के वंशजों की कार्रवाई से मचा बवाल
टेढ़ेश्वर मंदिर को लेकर एक विवाद में कोर्ट के आदेश के बाद कथित राजघराने के वंशजों के ताला डालकर निजी प्रापर्टी घोषित करने से बिजुआ में तनाव पैदा हो गया। सुबह पूजा करने गए ग्रामीणों ने मंदिर के कपाट पर ताला देखा तो उन्होंने गांव में खबर की। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए।
गुस्साए ग्रामीणों ने मंदिर पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की। वे प्रदर्शन करते हुए गढ़ी तक पहुंच गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर ताला तुड़वाकर मामला शांत कराया। बिजुआ के प्राचीन टेढ़ेश्वर नाथ बाबा मंदिर पर रविवार को सुबह ताला पड़ा देखकर ग्रामीण भड़क गए। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। लोगों को पता चला कि गढ़ी में निवास करने वाले ठाकुर वीरेंद्र सिंह व उनके परिवार के लोगों ने कोर्ट के आदेश के बाद ताला डाला है। गुस्साए लोगों ने जोरदार प्रदर्शन कर ताला डालने वालों के खिलाफ नारेबाजी शुरू की दी। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दूसरे पक्ष को बुलाकर बात की। वीरेंद्र सिंह ने कोर्ट के आदेश पुलिस को देकर मंदिर पर अपना हक जताया। बाद में पुलिस ने ताला तुड़वाकर दोनो पक्षों को पूजा करने से न रोकने का समझौता कराकर मामला शांत कराया।