लखीमपुर खीरी। वेलेंटाइन वीक के तहत मनाए जा रहे टेडी बीयर डे के मौके पर शहर की विभिन्न दुकानों और शोरूमों में टेडी बीयर की आकर्षक रेंज सजी हुई है। शहर के मेन बाजार से लेकर बस स्टेशन रोड, संकटा देवी रोड, अस्पताल रोड, नौरंगाबाद रोड, बेहजम और सीतापुर रोड तक गिफ्ट की दुकानों पर टेडी बीयर की विविध और आकर्षक वैरायटी देखने को मिल रही है। हर गली और चौराहे पर सजी दुकानों ने युवाओं और जोड़ों को खासा आकर्षित किया है।
दुकानों पर पांडा, गोरिल्ला, टेडी बीयर, मिक्की माउस, डॉल, डॉगी, डायनासोर, गाय, शेर और हाथी जैसी विभिन्न आकृतियों वाले टेडी उपलब्ध हैं। इस बार खास तौर पर लाबूबू डॉल की मांग सबसे अधिक देखी जा रही है। रंग-बिरंगे और नए डिजाइनों में आए टेडी ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं। कीमतों की बात करें तो टेडी बीयर 50 रुपये से शुरू होकर 3000 रुपये तक उपलब्ध हैं। छोटे बच्चों के लिए सस्ते टेडी, जबकि प्रेमी जोड़ों के लिए बड़े और आकर्षक डिजाइन वाले टेडी बाजार में खास जगह बनाए हुए हैं।
व्यापारियों का कहना है कि टेडी बीयर डे के चलते बिक्री में अच्छा इजाफा हुआ है और आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है। वैलेंटाइन वीक के कारण बाजारों में उत्साह का माहौल है और गिफ्ट शॉप्स पर दिनभर ग्राहकों की चहल-पहल बनी रहती है।
-दूकानदारों को अच्छे व्यापार की है उम्मीद-
दुकानदार रियाज, मनीष, आकाश और हिमांशु आदि ने बताया कि टेडी बीयर की खरीदारी सबसे अधिक बच्चे कर रहे हैं। वे स्कूलों में अपने दोस्तों को देने के लिए टेडी बीयर खरीदने आ रहे हैं। लड़कियां सबसे ज्यादा पिंक कलर के टेडी पसंद कर रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार लाबूबू डॉल का बच्चियों में सबसे ज्यादा क्रेज बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि पिछले साल बिक्री ठीक-ठाक रही थी, लेकिन इस बार दो दिन पहले से ही टेडी बीयर की खरीदारी शुरू हो गई है। ऐसे में उम्मीद है कि इस बार कारोबार काफी अच्छा रहेगा।