मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को दिया
माध्यमिक शिक्षक संघ ने प्रांतीय इकाई के निर्देश पर शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया तथा जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
मुख्यमंत्री को 19 सूत्री ज्ञापन भेजकर शिक्षकों ने बताया है कि अप्रैल 2005 के शिक्षकों को पेंशन का लाभ दिलाया जाए। माध्यमिक शिक्षकों को नि:शुल्क चिकित्सा का लाभ दिलाया जाए। अंशकालिक शिक्षकों को पूर्ण कालिक किया जाए तथा छठवां वेतनमान लागू किया जाए, घोषित मानदेय का भुगतान हो इसके अलावा महिला शिक्षकों को चाइल्ड केयर अवकाश तथा मातृत्व अवकाश सुलभ किया जाए। इसके अलावा सभी 19 मांगों को पूरा करने का आग्रह किया गया है। डीआईओएस को दिए ज्ञापन में माध्यमिक शिक्षक संघ ने मांग की है कि 31 मार्च 2016 को सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों का जीपीएफ तथा पेंशन के प्रकरण काफी प्रयास के बाद भी अब तक निदेशालय नहीं भेजे गए हैं। इन प्रकरणों का सही निरीक्षण करके अग्रसारित कर जेडी कार्यालय लखनऊ को शीघ्र भेजे जाएं। शिक्षकों ने कार्यालय के लेखा विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है और उस पर अंकुश लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा शिक्षकों ने बताया है कि डीआईओएस कार्यालय में एरियर काफी समय से लंबित है जिसे शीघ्र भेजा जाए। जिले में कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में वरिष्ठ शिक्षक ही नियुक्त किए जाएं। बोर्ड परीक्षा 2015 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन तथा कक्ष निरीक्षकों का पारिश्रमिक शीघ्र शिक्षकों के खाते में भेजा जाए। बोर्ड परीक्षा 2016 के मूल्यांकन का पारिश्रमिक 15 दिनों के अंदर उपलब्ध कराया जाए। अजय कुमार पांडे सहायक अध्यापक कृषक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खइयां बसहा को विगत दो वर्षों से वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिल रहा है। उनकी समस्या का निस्तारण कराया जाए। सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रत्येक वर्ष वरिष्ठता सूची अप्रैल माह में जारी कराई जाए तथा एक प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को भेजी जाए और माध्यमिक शिक्षकों के जीपीएफ की लेखा पर्ची अप्रैल माह में जारी कराई जाए। धरना प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष बृजेंद्र शुक्ला, जिलामंत्री अरविंद वर्मा तथा कोषाध्यक्ष जसवंत सिंह वर्मा सहित तमाम शिक्षक शामिल थे।