गिरा मोबाइल मालिक को सौंपते ड्राइवर मुख्तयार सिंह। संवाद
मझगईं। कस्बे में एक टैक्सी चालक ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए टैक्सी में छूटा मजदूर का मोबाइल फोन सुरक्षित लौटा दिया।
मझगईं के मजरा तिकोना फार्म निवासी मुख्तयार सिंह पलिया-निघासन-तिकुनिया मार्ग पर टैक्सी चलाते हैं। मंगलवार को सकटूपुरवा निवासी सुनील मजदूरी कर लौटते समय जल्दबाजी में अपना मोबाइल फोन टैक्सी में ही भूल गए थे।
गाड़ी की सफाई के दौरान चालक को मोबाइल फोन मिला। स्विच ऑफ होने पर उन्होंने उसे चार्ज किया और कॉल का इंतजार किया। बृहस्पतिवार को कॉल आने पर उन्होंने सुनील को मझगईं बुलाकर पहचान के बाद फोन सौंप दिया। मोबाइल वापस पाकर सुनील भावुक हो उठे और चालक की ईमानदारी की सराहना की। संवाद