विधायक रोमी ने निभाया वादा, शादी का पूरा खर्च उठाया
बाघ के हमले में मारे गए गांव सोहनरा भूड़ निवासी तरसेम सिंह की बेटी की शादी रविवार को बेहद सादगी के साथ हुई। न बारात न बैंडबाजा, दोनो पक्षों के परिवारीजन, चंद रिश्तेदार और करीबी लोग ही इस विवाह के साक्षी बने। विधायक रोमी ने तरसेम की बेटी के हाथ पीले करने का वादा पूरा करते हुए शादी का पूरा खर्च उठाने के साथ ही पिता का फर्ज निभाया। शादी के बाद उन्होंने बिटिया जगप्रीत को ससुराल विदा किया।
बता दें कि गुरुवार रात बाघ के हमले में मारे गए ग्राम सोहनराभूड़ निवासी तरसेम सिंह उर्फ पप्पू की बिटिया जगप्रीत कौर की रविवार शादी थी। तरसेम की माली हालत बेहद खराब थी, वह खेती-किसानी करके जैसे-तैसे परिवार में दो जून की रोटी का इंतजाम करता था। तरसेम की मौत के बाद परिवारीजनों को ढाढ़स बंधाने लखनऊ मेडिकल कॉलेज पहुंचे विधायक रोमी को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने तरसेम की पत्नी से बिटिया की शादी का पूरा खर्च उठाने का वादा करते हुए वहां मौजूद वर पक्ष से बात कर रविवार को बारात लाने को कहा। रविवार दोपहर बांकेगंज गुरुद्वारे में बारात आई। बारात का रोमी ने खुद स्वागत किया। पिता का फर्ज निभाते हुए सादगी से विवाह कराकर तरसेम की बिटिया के हाथ पीले कराने का एक दिन पहले ही किया गया वादा निभाया।