लखीमपुर खीरी। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा के लिए आपदा विभाग ने भारी बारिश और बिजली चमकने से संबंधित एडवाइजरी जारी की है, ताकि जानमाल का नुकसान न हो।
जिला आपदा विशेषज्ञ अंकित कुमार राज ने बताया कि भारी बारिश और बिजली चमकने पर पक्के और सुरक्षित मकान में शरण लें। खुले मैदान, खेत, ऊंचे पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे बिल्कुल न खड़े हों। छत पर बालकनी पर या ऊंची जगहों पर खड़े होने से बचें। अगर आप घर में हैं तो दरवाजे और खिड़कियां अच्छी तरह बंद रखें। बिजली उपकरण टीवी, फ्रिज, कंप्यूटर, डीटीएच आदि प्लग से निकाल दें और मोबाइल फोन को चार्जिंग से हटा दें। तार या एंटीना के संपर्क में न आएं।
खेत में काम करने के दौरान बिजली से चलने वाली मशीनों व ट्रैक्टर से तुरंत दूरी बना लें। चारपाई या लोहे के पलंग पर न बैठें। लोहे जैसी चीजों को छूने से बचें। समूह में खड़े न हों। तुरंत सुरक्षित स्थान न मिले, तो लोग आपस में तीन से चार मीटर की दूरी पर बैठें। नाले, नहर, पोखर या जलभराव में न जाएं। जलभराव में करंट का खतरा रहता है।
इसका भी रखें ध्यान
भारी वर्षा में वाहन धीमी गति से चलाएं। जरूरी न हो तो वहीं रुक जाएं। सड़क पर गिरे बिजली के तारों से दूर रहें और विद्युत निगम को सूचना दें। पशुओं को खुले में लोहे की रस्सी या तार से न बांधें। किसी भी आपदा में तुरंत जिला आपदा 9454416588 या 1077 पर फोन कर सूचना दें।