मैगलगंज खीरी। कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर गांव जिला बागपत से आए एक डीसीएम चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
ग्रामीणों के अनुसार, डीसीएम करीब 24 घंटे तक गांव के बाहर लावारिस हालत में खड़ी रही। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि वाहन के पास ही चालक का शव पड़ा था। शव की हालत से प्रतीत हो रहा था कि उसकी मौत को 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका था।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान संजीव उर्फ डब्बू (50) पुत्र हरिपाल, निवासी ग्राम नागर, थाना छपरौली, जिला बागपत के रूप में हुई है। मृतक के परिवार वालों को सूचना दी गई है। मृतक के परिजन बागपत से मैगलगंज के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 24 घंटे तक खुले में शव पड़े रहने और पुलिस को जानकारी नहीं होने को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है।
औरंगाबाद चौकी प्रभारी अनूप मिश्रा ने बताया, जानकारी सुबह हो पाई। मृतक के पास से शराब के खाली पाउच व नमकीन के पैकेट पड़े मिले हैं। प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब के कारण ही मौत होने की आशंका है।