कंडक्टर ने पैसा मांगने का लगाया था आरोप
यात्रियों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल
चेकिंग के दौरान परिचालक से पैसा मांगने और यात्रियों द्वारा इस प्रकरण का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर देने के मामले में एआरएम ने सहायक यातायात निरीक्षक को निलंबित कर दिया है।
कैंट डिपो की बस के परिचालक प्रशांत कुमार मिश्रा ने मुख्यमंत्री सहित आरएम एवं एआरएम लखीमपुर को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि सात अप्रैल को वह बस लेकर लखीमपुर आ रहा था। हरगांव के पास सहायक यातायात निरीक्षक लखीमपुर शशिकांत मिश्रा ने बस को चेक किया और चेकिंग में सबकुछ ठीक मिलने के बावजूद वह पैसा मांगने लगे। परिचालक ने बताया कि पैसे देने से मना करने पर उन्होंने अपने साथ दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत करने की धमकी दी। इस दौरान कुछ यात्रियों ने सहायक यातायात निरीक्षक और परिचालक के बीच हो रहे वाद विवाद की वीडियो बना ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं परिचालक ने भी अपने साथ हुए इस तरह के बर्ताव की शिकायत निगम के टोलफ्री नंबर सहित मुख्यमंत्री और आरएम को भेज दी। वीडियो वायरल होने तथा टोल फ्री नंबर से मिली शिकायत की जानकारी पर एआरएम ने सहायक यातायात निरीक्षक शशिकांत मिश्रा को निलंबित कर दिया है।
परिचालक ने उच्चाधिकारियों से एटीआई द्वारा पैसे मांगे जाने की शिकायत की थी, जिस पर आरएम के निर्देश पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
वीके गोस्वामी एआरएम