फोन करने के बावजूद नहीं पहुंची सदर कोतवाली पुलिस, दो सिपाही मुआयना कर लौटे
पोल्ट्री व्यवसायी के खिलाफ मारपीट व एससी/ एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली के मोहल्ला रानीगंज में मंगलवार की रात करीब दस बजे गाड़ी खड़ी करने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। लाठी-डंडे लेकर पहुंचे ट्रांसपोर्टर और पोल्ट्री व्यापारी के बीच हाथापाई और मारपीट हुई। इसके बाद ईंट-पत्थर चलाए गए। आरोप है कि फोन करने के बावजूद काफी देरी से पुलिस पहुंची। उधर, दूसरे पक्ष के पल्लेदार की ओर से पोल्ट्री व्यवसायी के खिलाफ मारपीट व एससी/ एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मोहल्ला रानीगंज निवासी पोल्ट्री व्यवसायी अनुज कुमार गुप्ता उर्फ अन्नू ने अपने घर के बाहर बाइक और कार खड़ी की थी, जिस पर ट्रांसपोर्टर सुमित पुरी ने विरोध जताया। इससे दोनों के बीच विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि सुमित पुरी ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और लाठी-डंडे चलने लगे। मौके पर अफरातफरी मच गई। ट्रांसपोर्टर के पक्ष में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष रामजी पांडेय भी मौके पर पहुंच गए।
दूसरे पक्ष की ओर से काफी लोगों के आने से अनुज कुमार गुप्ता व उनके वर्कर अपने-अपने घरों को चले गए। बावजूद इसके दूसरे पक्ष की ओर से ईंट-पत्थर चलाए गए। अनुज के वर्कर ने सहायता के लिए कोतवाल के सीयूजी नंबर पर फोन किया तो लगातार घंटी जाने के बाद भी फोन नहीं उठा। बताते हैं कि लगातार सीयूजी पर फोन मिलाए जाने के बाद छठी बार में कोतवाल ने फोन उठाया, जिसके काफी देर बाद संकटा देवी चौकी से दो पुलिसकर्मी मौके पहुंचे। वह भी मौका मुआयना कर लौट गए। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से पोल्ट्री व्यवसायी रात में ही सदर विधायक के यहां मदद मांगने पहुंचे, जिसके बाद से व्यवसायी दूसरे दिन भी घर नहीं लौटे। उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ जा रहा है। वहीं दूसरे पक्ष के पल्लेदार की ओर से पोल्ट्री व्यवसायी के खिलाफ मारपीट व एससी/ एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गाड़ी पार्क करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद झगड़ा हुआ था। इस मामले में ट्रांसपोर्टर के पल्लेदार की ओर से पोल्ट्री व्यवसायी के खिलाफ तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है। - प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक, सदर कोतवाली