विहिप ने चीन निर्मित उत्पादों को जलाकर मनाई होली
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को चीन में बने उत्पादों को सदर चौराहे पर जलाकर होली मनाई और सभी से चीन निर्मित उत्पादों का बहिष्कार करने के प्रति जागरूक किया।
विहिप कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कामनाथ अस्पताल परिसर में बैठक की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विभाग मंत्री संजय मिश्रा ने कहा कि एक तरफ तो चीन पड़ोसी देश पाकिस्तान की मदद करता है और दूसरी ओर अपने उत्पादों की बिक्री हमारे देश में करता है, इसलिए चीन को सबक सिखाने की जरूरत है। संजय मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर सदर चौराहे पर चीन निर्मित उत्पाद जलाकर होली मनाई। जिलामंत्री बृजेश पांडे ने कहा कि आतंकवाद को पाल रहे पाकिस्तान को समर्थन करने वाले चीन को सबक सिखाने के लिए जनपद वासियों से चीन में बने उत्पादों का बहिष्कार करने की अपील की है। इस दौरान बजरंग दल के अनुज तिवारी, भरत शुक्ला, राघव सिंह, धारा सिंह सिसौदिया, मनीष मिश्रा, सौरभ पांडे, कुलदीप कश्यप, हनी चौरसिया सहित कई लोग मौजूद रहे।