महेवागंज-सुंदरवल (लखीमपुर खीरी)। बैंक के कर्ज से परेशान बुजुर्ग किसान ने घर में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस को मृतक के पास से सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव सुकईपुरवा निवासी किसान सरदार सतनाम सिंह (60)ने सिंडीकेट बैंक, पंजाब सिंध बैंक, किसान सहकारी समिति आदि कई बैंकों से करीब तीन वर्ष पहले लगभग नौ लाख रुपये कर्ज लिया था, जिसको वह जमा नहीं कर पा रहा था। बैंकों ने कई बार नोटिस भी भेजा था। मृतक के भतीजे मिंटू के मुताबिक करीब दस दिन पहले भी बैंक से नोटिस भेजा गया था और हर सप्ताह बैंक कर्मचारी घर आकर कर्ज अदा न करने पर आरसी काट देने व जल्दी कर्ज जमा करने की बात कहकर परेशान करते थे, जिससे तंग आकर सतनाम सिंह ने बुधवार की सुबह करीब चार बजे सिर में बंधी पगड़ी से टिन शेड में लगे पाइप से लटक कर आत्महत्या कर ली।
परिजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया तो मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था कि ‘मैं बैंक के कर्ज से परेशान हो कर आत्महत्या कर रहा हूं’। मेरे बच्चों मुझे माफ़ करना। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक एस एन सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट में बैंक कर्मचारियों द्वारा प्रताड़ित करने की बात नहीं लिखी है। इसलिए बैंक कर्मचारियों पर कोई मुकदमा नही दर्ज किया जा सकता।