फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुहेली में उफान : रपटा पुल क्षतिग्रस्त, कई गांवों में घुसा पानी

Wed, 09 Sep 2026 11:40 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
पलिया दुधवा मार्ग स्थित रपटा पुल पर आवागमन बंद होने के बाद बसों से उतरकर पैदल आते यात्री। संवाद
विज्ञापन
पलियाकलां (खीरी)। सुहेली नदी के उफान से क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। पलिया-दुधवा मार्ग पर रपटा पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने और तेज बहाव के चलते प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही रोक दी है। बंसी नगर चौकी के पास बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
विज्ञापन

पलिया से गौरीफंटा और चंदनचौकी जाने वाली बसों को बंसी नगर चौकी के पास रोक दिया गया है। उधर से आने वाले वाहनों को रपटा पुल के दूसरी तरफ रोका गया है। लोक निर्माण विभाग को तकनीकी मुआयने के लिए सूचना दी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद ही मार्ग खोलने का फैसला होगा।
बाढ़ का पानी सड़कों के ऊपर से बह रहा है। खेतों में कई फुट पानी भरने से हजारों हेक्टेयर फसल डूबने की कगार पर है। ग्राम पंचायत घोला के मजरा निषाद नगर, अतर नगर, गजरौला, मुजहा और बेलहिया समेत दर्जनों गांवों में पानी घुस गया है। निषाद नगर के कई घरों में दो से तीन फुट पानी भर गया है।
विज्ञापन

बसंतापुर कला के खालेपुरवा, सेमरीपुरवा, अफीमीपुरवा, फरसहिया टांडा, बसंतापुर खुर्द के पठाननपुरवा, तिलकपुरवा और पलिया देहात के इलाकों में भी जलस्तर बढ़ रहा है। पटिहन मार्ग पर कटनी पुलिया के पास पानी कई फुट और लंबी दूरी तक बह रहा है। पलिया-दुधवा मार्ग पर सिंगहिया से बंसीनगर तक कई जगह पानी बहने से आवागमन बंद है। चंबरबोझ में सड़क पर पानी और जलकुंभी आने से रास्ता बंद है।
सुहेली के उफान से डिग्री कॉलेज परिसर में पानी भर गया है। फायर स्टेशन पानी से घिर गया है। महिला थाने के प्रांगण के बाहर तक पानी पहुंचने से फरियाद लेकर आने वाली महिलाओं को परेशानी हो रही है।
एसडीएम पुष्पक तोमर ने राजस्व टीम के साथ स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पानी की गहराई बहुत अधिक नहीं है, लेकिन बहाव तेज है और रपटा पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। आमजन से पुल पार न करने और सतर्क रहने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि मकनपुर के गांव चंबर बोझ के बाढ़ पीड़ितों को लंच पैकेट का वितरण शुरू कर दिया गया है।
-
शारदा पहुंची खतरे के निशान से नीचे
पलियाकलां। शारदा नदी का उफान अब थम गया है। बनबसा बैराज से बुधवार शाम चार बजे 76,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। शारदा का जलस्तर 154.480 मीटर दर्ज हुआ। यह खतरे के निशान 154.590 मीटर से 11 सेंटीमीटर नीचे है। संवाद

कटान रोधी परियोजना का किनारा क्षतिग्रस्त
बिजुआ। बझेड़ा गांव को कटान से बचाने के लिए बनाई गई कटान रोधी परियोजना का किनारा कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे ग्रामीणों को शारदा नदी का रुख बदलने और कटान तेज होने का डर है। बुधवार को एसडीएम युगांतर त्रिपाठी ने गांव पहुंचकर शारदा नदी और परियोजना की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षतिग्रस्त हिस्से की जल्द मरम्मत कराने और किनारे को मजबूत करने के निर्देश दिए। संवाद

बाढ़ में बहा वैकल्पिक रास्ता, छह गांवों का संपर्क कटा
मझगईं। पलिया-निघासन स्टेट हाईवे पर नौगवां कस्बे से खालेपुरवा जाने वाले मार्ग पर बनी वैकल्पिक पुलिया पानी के तेज बहाव में बह गई। इससे खालेपुरवा, चौरी, नयापुरवा, दुबहा, कुंवरपुर कला और विश्नूपुर फार्म का नौगवां से संपर्क कट गया है।
विश्नूपुर गांव के पूरब में पुलिया का निर्माण चल रहा था, लेकिन बारिश शुरू होने पर काम रोक दिया गया। ठेकेदार ने आवागमन के लिए कच्चा वैकल्पिक रास्ता बनवाया था। पानी का दबाव बढ़ने से उसके ऊपर करीब डेढ़ फीट पानी बहने लगा और सड़क कट गई। विश्नूपुर गुरुद्वारे के पास भी करीब दो फुट पानी भरा है। संवाद

उल्ल नदी के रपटा पुल से जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग
लखीमपुर खीरी। सदर ब्लॉक के सुआगाड़ा-बनवारीपुर मार्ग पर उल्ल नदी का रपटा पुल पानी में डूब गया है। पुल पर करीब डेढ़ से दो फुट पानी बह रहा है। तेज धार के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे हैं।
उल्ल नदी के पार बनवारीपुर, सिंगहनिया, भरौलिया समेत एक दर्जन से अधिक गांव हैं। इन गांवों के लोगों के लिए लखीमपुर आने-जाने का मुख्य मार्ग यही रपटापुल है। ग्रामीणों के मुताबिक, हर साल बरसात में जलस्तर बढ़ने पर पुल पर पानी आ जाता है। पूर्व में यहां डूबने से हादसे भी हो चुके हैं।
एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने लोगों से पानी बढ़ने पर जोखिम भरे रास्ते से आवागमन न करने की अपील की है। उन्होंने पुलिस और राजस्व टीम को मौके पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संवाद
-
बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट बांटी
बिजुआ/धाैरहरा। गोला विधायक अमन गिरि ने रूरासुल्तानपुर गांव के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राशन किट बांटी। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ग्रस्त गांवों में रहने और स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। ब्लॉक बिजुआ प्रतिनिधि वीरेंद्र भूषण, प्रधान मनजिंदर सिंह और जगजीत सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। वहीं, धाैरहरा तहसील की ओर से हसनपुर कटौली स्थित बाढ़ राहत केंद्रों पर प्रभावित गांव चकदहा के लोगों को राहत किट दी गई। विधायक विनोद शंकर अवस्थी और तहसीलदार आदित्य विशाल ने किट वितरित की। संवाद

पलिया दुधवा मार्ग स्थित रपटा पुल पर आवागमन बंद होने के बाद बसों से उतरकर पैदल आते यात्री। संवाद

पलिया दुधवा मार्ग स्थित रपटा पुल पर आवागमन बंद होने के बाद बसों से उतरकर पैदल आते यात्री। संवाद

पलिया दुधवा मार्ग स्थित रपटा पुल पर आवागमन बंद होने के बाद बसों से उतरकर पैदल आते यात्री। संवाद

पलिया दुधवा मार्ग स्थित रपटा पुल पर आवागमन बंद होने के बाद बसों से उतरकर पैदल आते यात्री। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें