गोला की गन्ना विकास समिति में धरना पर बैठे किसान।
राकिमसं जिलाध्यक्ष ने गन्ना सोसाइटी में शुरू किया धरना प्रदर्शन
गोला गोकर्णनाथ। बजाज चीनी मिल ने बकाया गन्ना भुगतान को लेकर वादाखिलाफी पर किसान फिर से भड़क गए हैं। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा की अगुवाई में किसानों ने सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
बुधवार की दोपहर बाद किसान नेता श्रीकृष्ण वर्मा की अगुवाई में दर्जनों किसान गन्ना विकास समिति परिसर पहुंच गए और बजाज चीनी मिल की वादाखिलाफी पर नारेबाजी करते हुए धरना देकर बैठ गए। श्रीकृष्ण वर्मा ने बताया कि 13 दिसंबर को सीडीओ और तहसील प्रशासन की मौजूदगी में बजाज ग्रुप डायरेक्टर डॉ. एबी सिंह और बिजनेस कोआर्डिनेटर शशिभूषण राय और किसानों के बीच हुए सात बिंदुओं के लिखित समझौते पर धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ था, लेकिन बजाज चीनी मिल ने एक भी वादा पूरा नहीं किया है। जिससे गन्ना किसानों में रोष है।
बजाज चीनी मिल बार-बार वादाखिलाफी कर रहा है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बजाज चीनी मिल की वादाखिलाफी से विवश होकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। हालांकि गन्ना विकास समिति सचिव नंदलाल माथुर ने किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई बात नहीं बनी। सचिव ने बताया कि बजाज चीनी मिल के अधिकारियों से बात हुई है उनका कहना है कि 5147 छोटे किसानों का 60 कुंटल तक का और 60 से 100 कुंतल तक के 7644 किसानों का बृहस्पतिवार तक संपूर्ण भुगतान भेज दिया जाएगा। किंतु चीनी मिल अधिकारियों ने यह बात अभी लिखित में नहीं दी है।