लखीमपुर खीरी। बुधवार देर रात आंधी और बारिश से जहां गन्ना किसानों के चेहरे खिल गए, वहीं आम और अन्य सब्जियों की खेती को नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि बारिश से गन्ना और केले की फसल को फायदा हुआ है। उधर, किसानों ने खेतों में खाद डालना भी शुरू कर दिया है।
गोला गोकर्णनाथ। बुधवार देर रात तेज आंधी, ओलावृष्टि के साथ हुई बारिश से गन्ने की फसल को लाभ मिला, वहीं आम की फसल को नुकसान हुआ है। हवा के तेज झोंके में बिजली के खंभे टूट गए, जिससे नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र की विद्युतापूर्ति बाधित रही। तेज हवाओं के साथ गरज चमक के साथ हुई बारिश से मेला मैदान सहित निचले इलाकों में जल भराव हो गया।
अमीरनगर। तेज आंधी के साथ हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। तेज बारिश से केला, गन्ना, मूंगफली और साठा धान की फसलों को लाभ पहुंचा है।
ममरी। तेज आंधी में टेंट, पांडाल, छप्पर, टिन शेड उड़ गए। वहीं बारिश के बाद किसानों ने गन्ने की फसल में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करना और खाद डालना शुरू कर दिया है। बिजली लाइन पर पेड़ की डाल गिरने से सप्लाई बाधित हो गई है। आंधी में आम की फसल को क्षति पहुंची है, किसानों का कहना है कि वर्षा से सभी फसलों को लाभ पहुंचा है।
भीखमपुर। ओलावृष्टि से कुछ किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। तेज आंधी के चलते पेड़ की डालें टूट गईं। बिजली के पोल भी टूट कर गिर गए, जिसके चलते रात भर बिजली गुल रही। ओले गिरने से आम, लौकी, तोरई समेत अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। किसान रामपाल, हरिराम, नागेश्वर प्रसाद मिश्र, रामलखन पांडे का कहना है कि गन्ने की फसलों को बरसात से फायदा हुआ है, जबकि ओलावृष्टि से गन्ने की पत्तियां फट गई हैं। तेज आंधी के चलते ग्रामीणों के कई छप्पर और टिन शेड उड़ गए। वहीं भीखमपुर कस्ता मार्ग पर बिजली का पोल टूटकर गिर जाने से सुबह तक बिजली गुल रही।
रोशननगर। तेज आंधी के साथ जमकर हुई बारिश से नालियों का कचड़ा सड़क पर आ जाने से लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं तेज आंधी से आम की फसल को काफी नुकसान हुआ। रोशननगर, अम्बरपुर, बाबरपुर, बरगदिया, कैमा, सेखवापुर, रामपुर, जमुनहा आदि गांवों की बिजली भी गुल रही।
पलियाकलां। बीती रात हुई जोरदार बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली है। बारिश से गन्ने को काफी फायदा पहुंचा है।
मझगईं। किसान धर्मपाल चौधरी, जीवन सिंह, बलवंत सिंह, मोहित नाग, लल्लूराम चौरसिया, सियाराम यादव, सोनू आदि ने बताया कि रात हुई बरसात से गन्ने की फसल को काफी फायदा हुआ है। गन्ने व केले की फसल लहलहा उठी है।
सही समय पर तेज बारिश हो जाने से गन्ना, केला की फसल को लाभ पहुंचा है। इस समय तेज बारिश की जरूरत थी। हालांकि इतनी वर्षा से भी खेती में लाभ पहुंचा है।
- टीटू खां, देवरिया
इस बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिल गई। बारिश के पानी से फसलों को लाभ पहुंचा है। किसान अब भी और वर्षा होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उनके गेहूं के खाली पड़े खेतों की जुताई हो सके।
- सुलेमान खां, अमीरनगर
तेज आंधी से गिरा छप्परनुमा घर
मझगईं। बुधवार की रात 10 बजे तेज आंधी व बरसात से इलाके के बेला कलां गांव में एक घास-फूस से बना घर गिर गया। रात में रात रामकुमार की पत्नी बसंती व बच्चे छप्परनुमा घर में लेटे थे। तभी तेज आंधी से छप्पर गिर गया। इसके नीचे लेटी महिला व बच्चे डर गए। गनीमत रही कि छप्पर गिरने से किसी को कोई चोट नहीं लगी। संवाद
आंधी-बारिश से रात भर ठप रही बिजली
मैलानी। बुधवार की शाम आई आंधी और तेज बारिश से यहां रात भर बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे लोगों को परेशानी हुईं। आंधी आते ही शाम सात बजे बिजली भी गुल हो गई और फिर पूरी रात नहीं आई। बिजली कर्मियों के मुताबिक, गोला से आने वाली 33 केवी मेन लाइन में फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बृहस्पतिवार की दोपहर डेढ़ बजे तक सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। समाचार लिखे जाने तक दोपहर पौने दो बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। इससे पहले नौ मई की रात भी आंधी-बारिश से रात भर बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। संवाद
नहीं हुआ उठान, बारिश में भीगा गेहूं
मोहम्मदी। कृषि मंडी में तौल के बाद उठान न होने से खुले में पड़ा गेहूं भीग गया। मंडी में दस गेहूं केंद्र बनाए गए हैं, जहां बाहर काफी गेहूं पड़ा है। केंद्र प्रभारी का कहना है कि गेहूं उठान में काफी दिक्कतें आ रही हैं। एक-एक गाड़ी को खाली करने में 10-10 दिन लग रहे हैं। एक सप्ताह पूर्व विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने मंडी में गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया था, जिसमें सही ढंग से किसानों के गेहूं खरीदने के लिए सभी केंद्र प्रभारियों को आदेशित किया था, मगर उसके बाद भी बारिश से गेहूं सड़ रहा है। संवाद